एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एयरपोर्ट पर कतर के अमीर का स्वागत किया। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी 2 दिवसीय भारत दौरे पर आये हैं। पीएम मोदी ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जाकर कतर के अमीर को रिसीव किया। कतर के अमीर सोमवार रात को विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे। मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी दूसरी बार भारत दौरे पर आये हैं। इससे पहले वो 2015 में भारत आए थे। कतर और भारत के संबंध कई सालों में बेहतर हुए हैं। भारत के दौरे पर आ रहे कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा था कि उनकी यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में हमारी बढ़ती साझेदारी को और गति प्रदान करेगी। कतर के अमीर के 17-18 फरवरी के दौरे के लिए उनके साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत दौरे पर हैं।
विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, विदेश मंत्री एस जयशंकर अल-थानी से मुलाकात करेंगे। मंगलवार की सुबह कतर के अमीर का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बैठक होगी। इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।
मंगलवार दोपहर को सहमति पत्रों का आदान-प्रदान होगा जिसके बाद कतर के अमीर राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात करेंगे। अल-थानी प्रधानमंत्री मोदी के आमंत्रण पर भारत दौरे पर आये हैं। कतर के अमीर की भारत की ये दूसरी यात्रा होगी। भारत और कतर के बीच हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse