एबीएन सेंट्रल डेस्क। चार्ल्स तृतीय को आज यानी शनिवार को सेंट जेम्स पैलेस में एक ऐतिहासिक समारोह में आधिकारिक रूप से ब्रिटेन का किंग घोषित किया जायेगा। यह नए सम्राट के राज्याभिषेक की सार्वजनिक घोषणा है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सबसे बड़े बेटे 73 वर्षीय चार्ल्स अपनी मां के निधन के बाद स्वाभाविक रूप से सम्राट बन गए हैं और महारानी के निधन के 24 घंटों के भीतर पारंपरिक रूप से राज्याभिषेक संबंधी एक परिषद की बैठक बुलाई जाती है, लेकिन महारानी के निधन की घोषणा में विलंब होने की वजह से इस समारोह को शुक्रवार को आयोजित करने के लिए वक्त नहीं मिला। किंग चार्ल्स तृतीय की नई उपाधि की सार्वजनिक घोषणा करने की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। दिवंगत महारानी के निधन से शोक में झुके ध्वज नये सम्राट के राज्याभिषेक की घोषणा के बाद पूरी तरह फहराए जायेंगे। इस कार्यक्रम का पहली बार टेलीविजन का प्रसारण किया जायेगा। राज्याभिषेक संबंधी परिषद में कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री, न्यायाधीश और चर्च ऑफ इंग्लैंड से लोग शामिल होते हैं। परिषद में सम्राट चार्ल्स महारानी के निधन की निजी तौर पर घोषणा करेंगे और चर्च ऑफ स्कॉटलैंड की रक्षा की शपथ लेंगे। भारतीय समय के मुताबिक, चार्ल्स 2 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। इस समारोह में चार्ल्स की पत्नी कैमिला शामिल होंगी, जो अब क्वीन कंसोर्ट बन गई हैं। सम्राट के बेटे विलियम भी इसमें शामिल होंगे, जिन्हें अब प्रिंस ऑफ वेल्स की उपाधि मिल गई है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। बाइडेन ने शुक्रवार को कहा, हां, मुझे (कार्यक्रम की) विस्तार से जानकारी नहीं है, लेकिन मैं जाऊंगा। उनसे सवाल किया गया था कि क्या वह महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे या नहीं। बाइडेन ने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि उन्होंने महाराजा चार्ल्स किंग्स तृतीय से अभी तक बात नहीं की है। उन्होंने कहा, मैं उन्हें जानता हूं। मैंने अभी उनसे बात नहीं की है। ब्रिटेन के बैंक नोट और सिक्कों पर दशकों से महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की तस्वीर लगी है। उनका चित्र दुनियाभर में दर्जनों अन्य देशों की मुद्राओं पर भी है जो कि ब्रिटिश साम्राज्य के औपनिवेशिक प्रभाव का द्योतक है। महारानी के निधन के बाद ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और अन्य देशों को अपनी मुद्रा में परिवर्तन करने में वक्त लगेगा, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि एलिजाबेथ के चित्र वाले नोट और सिक्के नहीं चलेंगे। मुद्रा पर अब महारानी की जगह राजा चार्ल्स तृतीय की तस्वीर होगी, मगर यह तत्काल संभव नहीं। बैंक ऑफ इंग्लैंड ने कहा, वर्तमान में महारानी के चित्र वाली मुद्रा कानूनी तौर पर मान्य रहेगी। आधिकारिक तौर पर 10 दिवसीय राष्ट्रीय शोक के बाद ब्रिटेन के केंद्रीय बैंक मुद्रा के संबंध में घोषणा करेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse