टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की बैठक आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में की गई। उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिले के गरीब एवं वंचित परिवारों को इस योजना का अधिकाधिक लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने उक्त योजना को प्राथमिकता देते हुए योजना की संपूर्ण जानकारी प्रतिवेदित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजनांतर्गत सूचीबद्ध बिमारियों की जानकारी/ सूची भी प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। इसके साथ झ्रसाथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी अन्य योजनाओं का विस्तृत प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस संबंध में अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता ने प्रखंडवार आयुष्मान भारत योजना के आंकड़े प्रतिवेदित करने पर जोर दिया। बैठक में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी ने बताया कि जिलांतर्गत यक्ष्मा मरीजों के ईलाज हेतु पिरामल फाउंडेशन द्वारा कोविड संबंधित जागरूकता सह टीबी के सक्रिय मामलों के निष्कर्ष हेतु 100 दिवसीय अभियान चलाया जाना है। उक्त अभियान के तहत पिरामल फाउंडेशन द्वारा सभी प्रखंडों में उनकी टीम द्वारा सर्वेक्षण कराते हुए टीबी के मरीजों को चिन्हित किया जाएगा। टीम में शामिल पारा चिकित्सीय सदस्यों द्वारा मरीजों के स्पुटम (थूक) की जांच हेतु सैंपल एकत्रित किया जाएगा। उक्त सैंपलों के जांचोपरांत पॉजिटिव पाए जाने पर मरीज का समुचित ईलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जाएगा। इसपर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि इस अभियान के माध्यम से पिरामल फाउंडेशन द्वारा जिले में यक्ष्मा मरीजों को चिह्नित किया जाना है। 07 चार पहिया वाहन तथा दुर्गम एवं पाट क्षेत्रों के लिए 05 दो पहिया वाहनों की सहायता से सभी प्रखंडों में सर्वेक्षण कर टीबी के मरीजों को चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर टीबी के मरीजों को चिन्हित करने का कार्य किया जाएगा। इसपर अपर समाहर्त्ता ने घरों में सर्वेक्षण हेतु जाते वक्त मरीज सहित परिवार के प्रत्येक सदस्यों से कोविड-19 टीकाकरण की जानकारी भी प्राप्त करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलांतर्गत यक्ष्मा मरीजों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की गई। जिसपर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिलांतर्गत 272 चिन्हित टीबी मरीज हैं। इसपर अपर समाहर्त्ता ने जिला यक्ष्मा पदाधिकारी को सभी 272 मरीजों की रेखा सूची के आधार पर पंचायतवार डाटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही पंचायतवार डेटाबेस तैयार करने के पश्चात् चरणबद्ध तरीके से वैसे क्षेत्र जहाँ टीबी मरीजों की संख्या कम है, को पहले टारगेट करते हुए यक्ष्मा मुक्त बनाने पर बल दिया। उन्होंने जिला यक्ष्मा पदाधिकारी को यक्ष्मा मरीजों की पंचायतवार सूची/ डाटाबेस अगले एक सप्ताह के अंदर प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा सहित उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी केके मिश्रा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, पिरामल स्वास्थ्य फाउंडेशन के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse