यूथ हॉकी में जलवा दिखायेंगे पांच झारखंडी

 

यूथ हॉकी 5 साइड एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में झारखंड के 6 खिलाड़ियों का चयन 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (रांची)। हॉकी इंडिया ने मस्कट (ओमान) में 20 से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली महिला एवं पुरुष यूथ हॉकी 5 साइड एशियन चैंपियनशिप के लिए 10-10 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। घोषित टीम में झारखंड के कुल छह खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें महिला वर्ग में पांच और पुरुष वर्ग में एक खिलाड़ी शामिल हैं। 

महिला टीम में संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी, खिल्ली कुमारी और नीलम टोपनो का चयन हुआ है, जबकि पुरुष वर्ग में आशीष तनी पूर्ति भारतीय टीम का हिस्सा बने हैं। छह खिलाड़ियों के चयन से झारखंड ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज करायी है। 

हॉकी इंडिया ने मध्य प्रदेश के भोपाल में 4 से 18 जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर महिला टीम का चयन किया है। वहीं पुरुष टीम का चयन चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के आधार पर किया गया। चयनित महिला खिलाड़ी पहले से ही भोपाल में चल रहे 15 सदस्यीय सब-जूनियर राष्ट्रीय तैयारी समूह का हिस्सा थीं। 

हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के छह खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन राज्य में हॉकी के विकास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार के खेल विभाग और हॉकी झारखंड द्वारा जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने का सकारात्मक परिणाम अब लगातार सामने आ रहा है। 

हॉकी झारखंड के पदाधिकारी मनोज ने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। हमारे खिलाड़ियों ने कठिन मेहनत और अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। हमें पूरा विश्वास है कि सभी खिलाड़ी एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और झारखंड का नाम रोशन करेंगे। हॉकी झारखंड भविष्य में भी खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। 

झारखंड की महिला हॉकी खिलाड़ियों का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के यूनाइटेड किंगडम एक्सपोजर दौरे के लिए भी झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन हुआ था। इसके अलावा एशियन गेम्स के लिए घोषित भारतीय महिला टीम में भी राज्य की चार खिलाड़ी शामिल हैं। 

अब सब-जूनियर यूथ हॉकी 5डी टीम में पांच और खिलाड़ियों के चयन के साथ सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर भारतीय महिला टीमों में झारखंड की कुल 13 खिलाड़ी जगह बना चुकी हैं। इसे राज्य के हॉकी इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि झारखंड भारतीय हॉकी को लगातार प्रतिभाशाली खिलाड़ी दे रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse