टीम एबीएन, रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा, रांची के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा 20 से 22 फरवरी 2026 तक संस्थान परिसर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। यह सम्मेलन कुलपति प्रो इंद्रनील मन्ना के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन का विषय डिजिटल युग के लिए प्रबंधन की नयी दिशा: नये विचार, नवाचार, कार्यप्रणाली और संभावनाएं रखा गया है। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिग डेटा, आॅटोमेशन, ब्लॉकचेन और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसी नयी तकनीकों का प्रबंधन, नेतृत्व, रणनीति, शासन, मार्केटिंग, संचालन, स्थिरता और उद्यमिता पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा होगी।
यह सम्मेलन शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श और सहयोग का मंच प्रदान करेगा। साथ ही इसका उद्देश्य बदलते डिजिटल दौर के अनुसार नई प्रबंधन पद्धतियों को समझना और भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करना है।
20 फरवरी 2026 को होने वाले उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आईएएस अधिकारी अनन्य मित्तल उपस्थित रहेंगे। वहीं जिंदल स्टील लिमिटेड के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट एवं कोल मैनेजमेंट ग्रुप के प्रमुख राजीव रंजन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सम्मेलन के दौरान उद्घाटन और प्लेनरी सत्रों में देश-विदेश के शिक्षाविदों द्वारा मुख्य व्याख्यान दिये जायेंगे। इसके अलावा दस अलग-अलग विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जिनमें शोध पत्र प्रस्तुत किये जायेंगे तथा प्रत्येक ट्रैक में सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र और मौखिक प्रस्तुति के लिए पुरस्कार दिये जायेंगे।
उद्घाटन सत्र में बुक आॅफ एब्स्ट्रैक्ट्स का विमोचन भी किया जायेगा। अधिक जानकारी, मीडिया संबंधी प्रश्नों और सहभागिता के लिए संपर्क करें: प्रबंधन अध्ययन विभाग बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा, रांची।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse