एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिमी सिंहभूम। जिले से नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी खबर सामने आयी है। चाईबासा में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है, जहां भाकपा (माओवादी) संगठन के 10 हार्डकोर नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ आत्मसमर्पण कर दिया।
आत्मसमर्पण करने वालों में 6 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं, जो लंबे समय से कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में सक्रिय थे। ये सभी विभिन्न उग्रवादी गतिविधियों में लिप्त थे और हत्या, मुठभेड़, विस्फोटक गतिविधियां, यूएपीए और सीएलए जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे।
आत्मसमर्पण का कार्यक्रम चाईबासा पुलिस लाइन में आयोजित हुआ। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में कुख्यात नक्सली रांदो बोइपाई उर्फ कांति बोइपाई भी शामिल है। राज्य पुलिस की जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 से अब तक जिले में 9631 अभियान चलाए जा चुके हैं।
इन अभियानों में 175 नक्सली गिरफ्तार हुए, जबकि 10 मुठभेड़ में मारे गए। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इसे नक्सलवाद के खिलाफ बड़ा प्रहार बताते हुए कहा कि जो लोग अब भी जंगलों में भटके हुए हैं, वे हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। सरकार और पुलिस उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का मौका देने के लिए तैयार है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse