एबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। झुमरीतिलैया के असनाबाद स्थित चाइल्ड प्रोग्रेसिव स्कूल के विद्यार्थियों ने गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार एवं गायत्री शक्तिपीठ झुमरीतिलैया कोडरमा द्वारा आयोजित शताब्दी वर्ष कार्य योजना जिला स्तरीय संगोष्ठी एवं भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया।
इस प्रतियोगिता में कोडरमा जिले के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। पहले चरण में, विद्यार्थियों ने अपने-अपने विद्यालयों में परीक्षा देकर बेहतर अंक प्राप्त किये, जिसके बाद गायत्री शक्तिपीठ परिवार ने उनके विद्यालय जाकर उन्हें सम्मानित किया।
इसके बाद जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और उनके विद्यालयों को प्रखंड एवं जिला स्तरीय पुरस्कारों से नवाजा गया। इस परीक्षा में चाइल्ड प्रोग्रेसिव स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रखंड एवं जिला स्तर पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। वर्ग नवम (कक्षा 9) में अंशिका राज ने द्वितीय स्थान और नेहा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वर्ग सप्तम (कक्षा 7) में पलक गोस्वामी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
वर्ग छठी (कक्षा 6) में आलिया फिरदौस ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों और पूरे जिले को गौरवान्वित किया। इस अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव एवं विशिष्ट अतिथि राम प्रकाश पांडे, तौफीक हुसैन, सुनील कुमार, आचार्य गुरु, शीला बर्णवाल ने सफल विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रबंधक तौफीक हुसैन ने कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा देशभर के विभिन्न राज्यों में आयोजित की जाती है। यह प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों में ज्ञान और उत्सुकता को बढ़ावा देती है, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों को भी सशक्त करती है। ऐसे आयोजनों से समाज को जागरूक करने में मदद मिलती है। उन्होंने इस आयोजन के लिए गायत्री शक्तिपीठ परिवार एवं गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय परिवार की ओर से ट्रस्टी अध्यक्ष ताहिर हुसैन, प्रबंधक तौफीक हुसैन, प्राचार्य हिना कौसर सहित सभी शिक्षकगण, शिक्षकेतर एवं सहायक कर्मियों ने विजेता विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रतियोगिता में मिली सफलता से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ा है और विद्यालय ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में भाग लेने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse