टीम एबीएन, रांची। भारत सचमुच विविधताओं का देश है। यहां विभिन्न धर्म संस्कृति के अलावा कभी-कभी ऐसी स्थिति परिस्थितियां भी बनती हैं, जिसके चलते भारत के इस विविधताओं का प्रमाण मिल जाता है। वर्तमान हालात भी फिलहाल ऐसा ही है। देश भर में कहीं बर्फबारी हो रही है, तो कहीं कड़ाके की गर्मी से लोग त्रस्त हैं। झारखंड में अभी से प्रचंड गर्मी का अनुभव होने लगा है। अधिकतर जिलों का उच्चतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। इसमें अभी और बढ़ोतरी का अनुमान मौसम विभाग ने जारी किया है।
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र ने कहा है कि अगले 2 दिन में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। मौसम केंद्र की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट में बताया गया है कि चाईबासा का उच्चतम तापमान 41 डिग्री सेंटीग्रेड पहुंच गया है। यह सामान्य से 7.6 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है।
झारखंड का अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री अधिक हो गया है, तो न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4.6 डिग्री सेंटीग्रेड तक अधिक हो गया है। रांची के हिनू में उच्चतम तापमान 37 डिग्री पहुंच गया है, जो सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री है, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है।
देश के कई हिस्सों में कड़ी गर्मी पड़ रही है, तो कुछ जगहों पर तेज बारिश और बर्फबारी हो रही है। पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर भारत में भी देखने को मिलेगा, जिससे कई राज्यों में बारिश, ओले और तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, ओडिशा सबसे गर्म राज्य बना हुआ है और झारखंड से पश्चिम बंगाल तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 18 मार्च तक बारिश और बर्फबारी होगी। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में तेज गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
ओडिशा में 16 से 18 मार्च, सौराष्ट्र-कच्छ में 16-17 मार्च, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और कर्नाटक में 16 से 19 मार्च तक लू (हीटवेव) चल सकती है।
शुक्रवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में 41.8°C, महाराष्ट्र और तेलंगाना में 40-42°C, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और झारखंड में 38-40°C दर्ज किया गया। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी 36-38°C तक तापमान रहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse