एबीएन न्यूज नेटवर्क, इटखोरी/ चतरा। राजकीय इटखोरी महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति हुई। बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायकों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीत, नृत्य, नाटक और संगीतमय कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया।
महोत्सव की शुरूआत सुप्रीम कुमारी एंड ग्रुप, चतरा के स्कूली बच्चों द्वारा योगासन पर आधारित नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद उभरती हुई शास्त्रीय, भजन, सूफी और गजल गायिका साक्षी प्रिया दुबे ने अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी गायकी को खूब सराहना मिली और तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल गूंज उठा।
बॉलीवुड गायक रवि त्रिपाठी ने मंच पर आते ही अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल को और भी संगीतमय बना दिया। उन्होंने इंडिया से आया मेरा दोस्त सलाम करो... और ऐ जी ओ जी सुनो जी...जैसे गीत गाकर उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने बच्चों को भी मंच पर बुलाकर उनके साथ नृत्य किया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
इसके बाद सुप्रसिद्ध गायक जॉली मुखर्जी ने अपनी शानदार प्रस्तुति देते हुए गोरिया रे... गोरिया रे मेरा दिल चुरा के ले जा..., तिनक धिन तिन... और ये शहर है अमन का...जैसे गानों से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा, उन्होंने अपनी साथी गायिका के साथ आज हम और तुम सनम मिलके ये वादा करें... और रंग भरे बादल से, दो नैनों के काजल से... जैसे सदाबहार गीत गाए, जिससे पूरा माहौल संगीतमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। महोत्सव में उमड़ी भारी भीड़ ने इस रंगारंग संगीतमय संध्या का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse