टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज उनके आवासीय कार्यालय में झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन की रजत पदक विजेता टीम के खिलाड़ियों ने भेंट की। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि 10 से 13 जनवरी तक जम्मू में आयोजित राष्ट्रीय एरोबिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप 2024-25 में झारखंड के जिम्नास्टों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एरो डांस एरोबिक्स जिम्नास्टिक (रजत पदक) और स्टेप अप एरोबिक्स जिम्नास्टिक (रजत पदक) हासिल किए।
इसके साथ ही, उत्तराखंड में आयोजित होने वाले नेशनल गेम्स के एरो डांस इवेंट के लिए झारखंड की पांच खिलाड़ियों की टीम ने क्वालीफाई किया है। इस सफलता पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों ने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से राज्य का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के डॉ दीपक कुमार साहू को टेक्निकल आॅफिशियल के रूप में चयन पर भी बधाई दी।
इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन से डॉ दीपक कुमार साहू के साथ जिम्नास्ट विकास कुमार गोप, चाहत कुमार केरकेट्टा, दीपिका लामा, आयुष, टोनू गोपाल, अमित गोप, अनुराग कुमार, हेमा कुमारी और सुश्री प्रिया यादव उपस्थित थे। झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन की यह उपलब्धि राज्य के खेल क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत बनेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse