टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत रांची के यातायात अधिकारियों ने एक कार्यक्रम का आयोजन कर छात्र छात्राओं को जागरूक किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड डीएवी जोन बी के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एमके सिन्हा ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जागरूकता से दुर्घटना को कम किया जा सकता है।जीवन में अनुशासन की बहुत जरूरत है। अनुशासन से ही आपका व्यवहार और आचरण अच्छा बन सकता है।
सभा को संबोधित करते हुए ट्रैफिक डीएसपी श्री प्रमोद कुमार केशरी ने कहा कि अपने तथा अन्य के जीवन की परवाह करनी चाहिए। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठे सवारी दोनों के लिए हेलमेट लगाना जरूरी है। उन्होंने जानकारी दी कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे अगर वाहन चलते पकड़े जाएंगे तो उनके अभिभावकों को 25 हजार रुपए का दंड भरना होगा।
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आपके अभिभावक या माता-पिता बिना हेलमेट के कहीं जा रहे हों तो उन्हें हेलमेट पहनने को अवश्य कहें। ट्रैफिक डीएसपी ने दोपहिया वाहन पर तीन लोगों के न चलने, लापरवाही से तेज गति से गाड़ी न चलाने की भी हिदायत दी। उन्होंने चार पहिया वाहन से संबंधित सुरक्षा और दंड प्रावधानों के बारे में भी बताया।
श्री केशरी ने बच्चों से आह्वान किया कि वे प्राइवेट आटो की अपेक्षा स्कूल बस से ही विद्यालय आएं । उन्होंने बच्चों से अपने आप को, परिवार को और अन्य लोगों को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। मौके पर उपस्थित सड़क सुरक्षा अभियान के निदेशक जमाल खान ने कहा कि किसी यात्रा पर निकलने से पहले सुरक्षित पहुंचने और सुरक्षित लौटने के लिए योजना बनाकर चलने की जरूरत है।
श्री खान ने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल अवश्य पहुंचाया जाना चाहिए, ऐसे व्यक्ति को सरकार द्वारा पुरस्कृत भी किया जाता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति का वीडियो न बनाएं। श्री खान ने बाद में बच्चों को सड़क सुरक्षा संबंधित शपथ भी दिलाई।
अतिथियों ने इस विषय पर संपन्न हुई चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेताओं को हेलमेट और मेडल देकर सम्मानित भी किया। मौके पर बच्चों के अलावा टीपी कुशवाहा, पी सारंगी, एके खान और एके सिन्हा भी मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के आलोक इंद्र गुरु ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse