लातेहार : सड़क हादसे में 10 बच्चे घायल

 

  • लातेहार में सड़क हादसा : 10 बच्चे घायल, स्कूल के ऑटो को पिकअप वैन ने मारी टक्कर 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की समाप्ति के बाद स्कूली बच्चे ऑटो पर सवार होकर वापस अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप वाहन से ऑटो की सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पर सवार सभी बच्चे घायल हो गये। ये हादसा बालूमाथ थाना क्षेत्र में हुआ है। हालांकि इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर से राहत कार्य चलाया और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को भी दी।

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया के नेतृत्व में पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से बालूमाथ सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया। यहां सभी घायलों का प्राथमिक इलाज किया जा रहा है। हालांकि घायलों में से चार बच्चों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। वहीं ऑटो चालक को भी गंभीर चोट आयी है। फिलहाल गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रिम्स रेफर किया जा रहा है। 

इधर घटना के बाद अस्पताल परिसर में बच्चों के परिजनों की भारी भीड़ लग गयी। इस हादसे को लेकर प्रखंड प्रमुख विजय उरांव ने बताया कि एक निजी विद्यालय के बच्चे स्कूल में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की समाप्ति के बाद वापस ऑटो में बैठकर घर लौट रहे थे। 

इसी दौरान सामने से एक पिकअप वाहन आ रही थी तभी एक तेज रफ्तार हाईवा वहां से गुजरी, जिससे दोनों गाड़ियां असंतुलित हो गयी और दुर्घटनाग्रस्त हो गयीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला परिवहन करने वाली गाड़ियों के कारण इस प्रकार की दुर्घटनाएं हो रही हैं।

इस संबंध में बालूमाथ थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गयी और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली जा रही है। साथ ही कहा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse