टीम एबीएन, रांची। जमशेदपुर को औद्योगिक नगरी कहा जाता है। लगातार 2 बार से इस सीट पर बिद्युत बरण महतो ने बीजेपी की टिकट पर लोकसभा जाने का सौभाग्य हासिल किया है। एक बार फिर बीजेपी ने महतो पर ही भरोसा जताया है।
वहीं महागठबंधन भी इस बार अलग तेवर में चुनाव लड़ेगी क्योंकि यहां से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले चम्पई सोरेन अब झारखंड के मुख्यमंत्री हैं। झारखंड के 14 लोकसभा सीटों में से एक जमशेदपुर लोकसभा सीट भी है। साल 2000 तक जमशेदपुर भी बिहार का ही एक हिस्सा हुआ करता था। पूर्वी सिंहभूम जिले का यह क्षेत्र टाटानगर के नाम से भी जाना जाता है।
इस औद्योगिक नगर की स्थापना पारसी व्यवसायी जमशेदजी नशरवान जी टाटा ने करवाई थी और उन्हीं के नाम से इस शहर को जाना जाता है। 1907 में टाटा आयरन ऐंड स्टील कंपनी यानि टिस्को की स्थापना से इस शहर की नींव पड़ी। खड़कई और स्वर्णरेखा नदियों से घिरे इस इलाके में प्रचुर मात्रा में खनिज पदार्थ मौजूद है।
अब एक नजर यहां के राजनीतिक इतिहास पर डाल लेते हैं तो साल 1952 में देश के लिए हुए पहले लोकसभा चुनाव में यह सीट अस्तित्व में नहीं थी। इस सीट पर 1957 में सांसद चुनने के लिए पहली बार मतदान हुआ और कांग्रेस के मोहिन्दर कुमार घोष चुनाव जीते। 962 में कम्युनिस्ट पार्टी के उदयकर मिश्रा यहां से चुनाव जीते।
1967 में कांग्रेस के एससी प्रसाद और 1971 में कांग्रेस के ही सरदार स्वर्ण सिंह सांसद चुने गए। 1977 और 1980 में इस सीट से जनता पार्टी के रुद्र प्रताप सारंगी चुनाव जीते तो 1984 में कांग्रेस के गोपेश्वर सांसद चुने गए। 1989 और 1991 में इस सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा के शैलेंद्र महतो चुनाव जीते।
1996 में पहली बार इस सीट पर कमल खिला और बीजेपी के नीतीश भारद्वाज चुनाव जीतने में कामयाब हुए। 1998 और 1999 में बीजेपी के टिकट पर आभा महतो चुनाव जीतीं। 2004 में यह सीट JMM के खाते में गई और सुनील महतो चुनाव जीते। 2007 में हुए उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर ही सुमन महतो चुनाव जीते।
2009 में इस सीट से बीजेपी के टिकट पर अर्जुन मुंडा सांसद बने। 2011 में हुए उपचुनाव में झारखंड विकास मोर्चा के अजय कुमार जीते। 2014 में बीजेपी के बिद्युत बरन महतो चुनाव जीतने में कामयाब हुए। 2019 में भी बीजेपी ने बिद्युत बरन महतो को ही मैदान में उतारा है।
2019 में बीजेपी कैंडिडेट बिद्युत बरन महतो ने लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। गौरतलब है कि जमशेदपुर लोकसभा सीट के अंतर्गत कुल 6 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें से पूर्वी सिंहभूम जिले की बहारागोरा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse