टीम एबीएन, पलामू। जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बैंक डकैती की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में एक बैंक से 5.50 लाख रुपये लूट लिये। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग निकले। पुलिस मौके पर पहुंच गयी है। सीसीटीवी के जरिए अपराधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़वा थाना क्षेत्र में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की लामी पतरा शाखा संचालन होता है। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे कर्मचारियों ने बैंक खोला। इसी क्रम में दो अपराधी पहुंचे और बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर बाथरूम में बंद कर दिया।
जिसके बाद अपराधियों ने करीब 5.50 लाख रुपये लूट लिये। बाद में जब बाथरूम में बंद बैंक कर्मियों ने शोर मचाया तो अन्य ग्राहकों ने बाथरूम का दरवाजा खोला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़वा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक अपराधियों के पास हथियार भी थे, दो अपराधी बैंक के अंदर थे जबकि दूसरा प्रदीप बैंक के बाहर मौजूद था। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से भाग गये। पुलिस बैंक और उसके आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लंबे समय के बाद पलामू क्षेत्र में बैंक डकैती की घटना हुई है।
अपराधियों ने बैंक खुलते ही घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने कैश रूम खोलकर पैसे लूट लिये, पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है और अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। -चन्द्रशेखर यादव, पड़वा थाना प्रभारी।
घटना के बाद पुलिस ने नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी है। वाहनों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लूट की रकम करीब 5.50 लाख रुपये है। लूट की पूरी रकम का आकलन किया जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse