टीम एबीएन, धनबाद। झारखंड में हाथियों का कहर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। धनबाद जिले में हाथियों के झुंड ने एक युवक की पैरों से कुचलकर हत्या कर दी। मामला जिले के पश्चिमी टुंडी का है। बताया जा रहा है कि नेमोरी एवं बांगरो के बीच बाजरा की खेती की गयी है। हाथियों के झुंड इसे खा रहा है।
शनिवार को आसपास के कई गांवों के लोगों ने इकट्ठे होकर हाथियों के झुंड को बाजरे के खेत से निकालने के लिए पटाखा और मशाल जलाकर भगाने का प्रयास किया। लगातार हल्ला और पटाखे की आवाज से हाथी भड़क गये और खदेड़ रही भीड़ के पीछे दौड़ने लगे। इस दौरान 28 वर्षीय शुकू टुडू हाथी की चपेट में आ गया और हाथियों ने उसे कुचलकर मार डाला।
हैरान कर देने वाली बात तो ये है कि देर रात तक मृतक युवक की लाश खेत में ही पड़ी थी। हाथियों के डर से कोई भी लाश के करीब तक नहीं जा रहा था। वन विभाग के प्रशिक्षित मशालचियों ने भी हाथियों के करीब जाने से मना कर दिया।
टुंडी वन विभाग के प्रभारी फारेस्टर गोविंद मिस्त्री व मनियाडीह थानेदार पवन चौधरी ने बताया कि लाश अभी तक नहीं मिल पायी है। वन विभाग की टीम घटनास्थल से कुछ दूरी पर बंगारो गांव के पास कैंप कर रही है। टीम घटनास्थल के पास से हाथियों के हटने का इंतजार कर रही है। वहीं, गुस्साये ग्रामीणों ने वन विभाग को हादसे का जिम्मेदार उठाया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse