एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार 7 अक्टूबर को झारखंड के जमशेदपुर में राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव- आदि महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
जनजातीय कार्य मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 7-16 अक्टूबर तक ट्राइबल कोऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ट्राइफेड) विशाल कार्यक्रम का आयोजन करा रहा है। इस महोत्सव में केंद्रीय जनजातीय मामलों की राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरुता और बिश्वेश्वर टुडू भी शामिल होंगे।
आदि महोत्सव जनजातीय मामलों के मंत्रालय की एक वार्षिक पहल है जो जनजातीय उद्यमिता, शिल्प, संस्कृति, व्यंजन, वाणिज्य और सदियों पुरानी पारंपरिक कला की भावना का एक उत्सव है।
यह देश भर की जनजातियों की समृद्ध और विविध विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है। इस बार आयोजन स्थल पर 150 से अधिक स्टालों के साथ, इस कार्यक्रम में आदिवासी कला, हस्तशिल्प, प्राकृतिक उत्पाद और स्वादिष्ट व्यंजन शामिल होंगे।
महोत्सव विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) और वन धन केंद्र लाभार्थियों सहित लगभग 336 आदिवासी कारीगरों और कलाकारों की मेजबानी करेगा।
संगीत, कला, चित्रकला और व्यंजनों के अलावा यह महोत्सव कारीगरों से मिलने, उनके जीवन के तरीके के बारे में जानने और आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की गहरी समझ हासिल करने का अवसर प्रदान करता है। चूंकि 2023 को अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष के रूप में नामित किया गया है, इसलिए आदि महोत्सव में देश भर के आदिवासियों द्वारा उगाये गये बाजरा का भी प्रदर्शन किया जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse