टीम एबीएन, रांची। एक आदिवासी महिला ने दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर शनिवार को फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही लोग आक्रोशित हो गये। इसके बाद क्षेत्र में जमकर लाठी, डंडे, ईंट और पत्थर चले। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को खदेड़कर भगाया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना मिलते ही सांसद संजय सेठ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से घटना की जानकारी ली।
बताया जाता है कि खलारी के जी टाइप में रहने वाली 32 वर्षीय आदिवासी महिला से आरोपी ने दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। उसके बाद उसे ब्लैकमेल करने लगा। इससे आहत आदिवासी महिला ने घर में फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली।
महिला के देवर ने खलारी थाना के पूर्व निजी ड्राइवर इरशाद पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपित इरशाद ने ही भाभी के साथ दुष्कर्म किया फिर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसी दबाव में आकर उसकी भाभी ने खुदकुशी की है।
जानकारी के अनुसार मृत महिला का पति बीते एक साल से बेंगलुरु की जेल में बंद है। उसके तीन बच्चे हैं। देवर निजी ड्राइवर का काम करता है। घटना से आक्रोशित आदिवासी समाज के लोग और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने डकरा-खलारी घूमकर दुकानों को बंद कराया।
इसी दौरान शहीद चौक खलारी के निकट सोनू मोटर नामक दुकान में झड़प हो गयी। झड़प में दूसरे पक्ष के दुकानदार का सिर फट गया और खून निकलने लगा। मौके पर पहुंची खलारी थाना पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया और जीप में बैठा लिया।
बताया जा रहा है कि बंद कराने के दौरान हुई झड़प में दूसरे पक्ष के दुकानदार का सिर फूटने से युवक आक्रोशित हो गये। पुलिस के वहां से हटते ही सड़क पर आने जाने वालों पर पथराव करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत पहुंची और सभी को खदेड़ दी।
दुकानदार पक्ष का आरोप है कि बंद कराने वाले युवक ने रड से सिर पर मारा है। बंद समर्थकों का कहना है कि शटर बंद करने में चोट लगी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse