एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली/ रांची। राजधानी से करीब 70 किलोमीटर दूर सिल्ली में एक बड़ा हादसा हुआ है। मुरी ओपी क्षेत्र के पिस्का गांव में कुआं धंसने से सात लोग दब गये, जिसमें से पांच लोगों के मरने की खबर है।
जानकारी के मुताबिक, कुएं में एक जानवर गिर गया था। उस जानवर को निकालने के लिए चार लोग कुआं में उतरे थे। अन्य चार लोग कुछ जुगाड़ लगा कर कुआं के ऊपर से जानवर को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान आसपास की मिट्टी अचानक धंस गयी, जिसमें सात लोग मिट्टी में दब गये। दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि पांच लोगों की मौत हो गयी। मौके पर पुलिस अधिकारी के साथ स्थानीय विधायक और आजसू प्रमुख सुदेश महतो भी पहुंच गये हैं।
सिल्ली थाना प्रभारी आकाश दीप ने कहा कि सात लोग मिट्टी में दब गये थे। जिनमें से दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि पांच लोगों की मौत हो गयी है। फिलहाल, एक शव निकाल लिया गया है, बाकी शव निकालने का प्रयास किया जा रहा है। चूंकि सभी चालीस फीट नीचे मिट्टी में दबे हैं, इसलिए उन्हें निकालने में परेशानी हो रही है। कुआं को खोदकर शवों को निकालने के लिए मशीन मंगायी गयी है।
इससे पहले रांची के सिटी एसपी शुंभाशु जैन ने बताया था कि घटना सिल्ली के पास मुरी में हुई है, सात से आठ लोगों के दबने की बात बतायी जा रही है। एनडीआरएफ की टीम को जानकारी दी गयी है। टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी है।
वहीं सिल्ली विधानसभा क्षेत्र से आजसू विधायक सुदेश महतो ने फोन पर बताया कि घटना की जानकारी मिली है। वह घटनास्थल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह आज डुमरी में चुनावी सभा में थे। इसी बीच इस हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि कितना नुकसान हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में एक बैल कुएं में गिर गया था। जिसे निकालने की प्रक्रिया चल रही थी। बैल को निकालने के लिए 4 लोग कुएं में उतरे और बाकी गांव के लोग कुएं के ऊपर से बैल को रस्सी से खींच रहे थे। तभी अचानक ही पूरे कुएं की मिट्टी धंस गयी। जो 4 लोग नीचे कुएं में उतरे हुए थे, उनके अलावा तीन अन्य लोग भी कुएं के अंदर मिट्टी में दब गये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse