टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलधार बारिश से रांची के कुछ इलाकों में भारी तबाही देखने को मिली है। तमाड़ और बुंडू ऐसे ही क्षेत्र हैं, जहां भारी बारिश ने तबाही मचायी है।
तमाड़ प्रखंड के गागरसोतीया नदी पर बना ईचाडीह पुल ध्वस्त हो कर कई टुकड़ों में बिखर गया है। इससे पहले भी पुल का गार्डवाल बह गया था, लेकिन इसके बावजूद उसकी मरम्मती नहीं करायी गयी थी। इस कारण पुल ऐसे टुकड़ों में बिखरा है। वहीं बाडू गांव और बुंडू प्रखंड के एड़केया गांव की मुख्य सड़क धंस कर पानी की धार में बह गयी है। सड़क के नाम पर सिर्फ गड्ढे बचे हुए हैं।
बारिश के इस कहर के बारे में गांव के रहने वाले सुरेश गोंझु बताते हैं कि यह पुल 6 से 7 गांव को सीधे हाइवे से जोड़ती थी। हाइवे से महज 500 मीटर पर उनका गांव है। लेकिन पुल टूट जाने से अब हाइवे पकड़ कर मुख्यालय तक जाने के लिये 15 किलोमीटर घूम कर जाना पड़ेगा। इचाडीह गांव के रहने वाले जयराम महतो ने कहा कि अब अगर मरीज को अस्पताल ले जाना होगा तो गांव तक एंबुलेंस भी नहीं आयेगी।
पहले हमलोगों का गांव हाइवे से महज 500 मीटर की दूरी पर था, लेकिन अब पुल के नहीं रहने से 15 किलोमीटर दूर हो गया है। बाड़ु गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को भी पानी की धार बहा कर ले गयी। अब सड़क के नाम पर सिर्फ मिट्टी बची हुई है और जहां सड़क था अब वहां गड्ढे बन गये हैं। इससे लोग किसी तरह पैदल ही आ जा सकते हैं।
गांव के लोग गांव के बाहर ही लावारिश हालत में अपने-अपने वाहन छोड़ कर पैदल जान जोखिम में डालकर घर जा रहे हैं।
तीसरी तबाही बुंडू प्रखंड के एड़केया गांव में हुई। गांव को मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क भी पानी की धार से बह गयी और सड़क के बीचोंबीच गड्ढा बन गया।
अब सिर्फ मोटरसाइकिल और साईकिल से ही लोग आवागमन कर सकते हैं। यह सड़क बुंडू और सोनाहातु जाने के लिये दर्जनों गांवों को जोड़ती है। अब लोगों को बुंडू या सोनाहातु जाने के लिए 15-20 किमी घूम कर जाना पड़ेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse