ममता मेहरोत्रा की 7 पुस्तकों का हुआ विमोचन

 

  • प्रेम नाथ खन्ना स्मृति आदिशक्ति समारोह
  • तीन दिनों का शानदार साहित्यिक-सांस्कृतिक आयोजन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पटना। साहित्यिक-सामाजिक संस्था सामयिक परिवेश के तत्वावधान में पटना के कालिदास रंगालय में 3 दिनों का शानदार आयोजन प्रेमनाथ खन्ना जी के स्मृति में हुआ जिसके तहत संस्था की अध्यक्ष ममता मेहरोत्रा के नेतृत्व में साहित्य और संस्कृति के विविध आयामों को शानदार ढंग से समेटा गया। 

3 दिनों के आयोजन का उद्घाटन बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने किया जिसमें अमित प्रकाश और मनीष आनंद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उद्घाटन सत्र में लिट्रा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मनभावन नृत्य और भाव प्रवण नाटकों की प्रस्तुति करके दर्शकों का दिल जीता। 

मंत्री अशोक चौधरी ने सामयिक परिवेश पत्रिका के नए अंक का विमोचन किया। उन्होंने ममता मेहरोत्रा द्वारा लिखित दो पुस्तकों इंटरप्रिटेशन ऑफ द श्रीमद्भागवत गीता तथा कृष्णा कॉन्साइज़नेस का भी विमोचन किया। संध्या सत्र में वरिष्ठ निर्देशक उपेंद्र कुमार के निर्देशन में ममता मेहरोत्रा की कहानी जुर्म पर आधारित नाटक का मंचन बिहार आर्ट थियेटर के कलाकारों ने किया।

समारोह के दूसरे दिन ममता मेहरोत्रा की दो नयी पुस्तकों-काव्य संग्रह बिखरे पुष्प तथा 6 नाटकों की पुस्तक अनछुए पल जीवन के का विमोचन दूरदर्शन के निदेशक राजकुमार नाहर, प्रसिद्ध साहित्यकार अनिरुद्ध सिन्हा, कुमार विमलेंदु, कुमार वरुण और बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी दिलीप कुमार ने किया। 

मौके पर भोजपुरी के प्रसिद्ध भाषाविद और साहित्यकार पृथ्वीराज सिंह को भोजपुरी भाषा के संवर्द्धन में विशिष्ट योगदान के लिए 8वें प्रेम नाथ खन्ना स्मृति आदिशक्ति सम्मान प्रदान किया गया। 

दूसरे दिन गजलों की महफिल सजाति गयी, जिसमें प्रसिद्ध गजलकार डॉ कासिम खुर्शीद, संजय कुमार कुंदन, प्रेम किरण, नसीम अख्तर, चांदनी समर, रूबी भूषण, अविनाश अमन, पीयूष आनंद, सविता राज, डॉ जियाउर रहमान जाफरी, अविनाश भारती, श्वेता गजल, बिंदेश्वर प्रसाद गुप्ता आदि ने गजल पढ़ें। कार्यक्रम का संचालन श्वेता गजल ने किया। 

बिहार बाल भवन किलकारी के बच्चों ने शानदार नृत्य और गीतों की प्रस्तुति करके कालिदास रंगालय में उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। मौके पर लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत भी उपस्थित रहीं। 

संध्या सत्र में सुमन कुमार के निर्देशन में कला जागरण के कलाकारों द्वारा ममता मेहरोत्रा की कहानी मकान पर आधारित नाटक की शानदार प्रस्तुति हुई। तीसरे दिन के कार्यक्रमों में लिट्रा पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा सबसे पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।

संध्या सत्र में सामयिक परिवेश से जुड़े संस्कृति कर्मियों एवं साहित्यकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लघु कथा पाठ का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र में वरिष्ठ साहित्यकार ममता मेहरोत्रा द्वारा लिखित और संपादित तीन पुस्तकों लघुकथा संग्रह जरा आहिस्ता चल, श्रीमद्भागवत गीता पर आधारित पुस्तक कृष्णा स्पीक्स तथा गजल संग्रह कैनवास में गजलें का विमोचन किया गया। 

तीनों पुस्तकों का विमोचन भारतीय पुलिस सेवा के चर्चित वरिष्ठ अधिकारी विकास वैभव तथा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची के कुलपति तपन कुमार शांडिल्य ने किया। लघु कथा सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अनिरुद्ध सिन्हा और मंच संचालन डॉक्टर ध्रुव कुमार ने किया। 

संध्या सत्र में ममता मेहरोत्रा की कहानी तुम बिन पर आधारित नाटक की प्रस्तुति रंग गुरुकुल के कलाकारों द्वारा किया गया जिसका निर्देशन राजवीर गुंजन ने किया। कुल मिलाकर सामयिक परिवेश का 3 दिनों का यह आयोजन ममता मेहरोत्रा की सात पुस्तकों के विमोचन, तीन नाटकों के मंचन और तमाम तरह की दूसरी साहित्यिक गतिविधियों के आयोजन के लिए लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse