घरों में घुसा पानी, प्रधानमंत्री आवास से वंचित है पीड़ित परिवार
टीम एबीएन, चतरा। जिले में मानसून की पहली बारिश ने ही तबाही मचाकर रख दी है। बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। जिससे घर के परिजनों के समक्ष रहने से लेकर खाने तक की समस्या उत्पन्न हो गयी है। यह मामला जिले के प्रतापपुर प्रखंड के मैराग गांव का है।
जिस घर में पानी घुसा है उस परिवार को आज तक प्रधानमंत्री आवास योजना का भी लाभ नहीं मिल पाया है। ऐसे में एक तो कच्चा मकान ऊपर से बारिश का पानी घर में घुसने से घर में रखी सारी खाद्य सामग्री के साथ साथ बेड बिछावन भी भींग गये हैं।
ऐसे में घरवालों के समक्ष सर छुपाने की भी समस्या आन पड़ी है। ऐसे में अगर यह कहें कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ आम जन तक नहीं पहुंच पायी है तो गलत नहीं होगा।
घर की पीड़ित सदस्य अंजू देवी, सरोज कुमारी, मालती देवी व बेबी कुमारी ने बताया कि आज तक हमलोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं दिया गया है और हमलोग इसी जर्जर घर में करीब 15 परिवार के साथ निवास करते हैं।
उन लोगों का कहना है कि हमलोग इस घर में भगवान भरोसे रह रहे हैं। कब ये घर गिर जाये और कब हमलोगों के साथ कोई बड़ी घटना घट जाये इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता है। इस संदर्भ में प्रतापपुर बीडीओ मुरली यादव ने बताया कि मुझे आप सबों से ही इसकी जानकारी मिल रही है।
इसे लेकर मैं जल्द ही घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण करूंगा और फिर इस परिवार को सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी आवास योजना से जोड़ा जायेगा। साथ ही जल भराव की समस्या से निजात दिलाया जायेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल पायेगा या फिर ऐसे ही बरसात के दिनों में इन्हें जल भराव की समस्या झेलनी पड़ेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse