जब तक आदिम जनजाति का विकास नहीं होगा, राज्य का विकास असंभव : राज्यपाल

 

  • यहां किसी प्रकार की अवैधानिक कार्य नहीं होने दिया जायेगा : राज्यपाल
  • आप सभी को आपका यथोचित हक मिलेगा : सीपी राधाकृष्णन

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने पलामू जिलांतर्गत रामगढ़ प्रखंड के नावाडीह पंचायत भवन में सुरंगाही टोला के ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करते हुए कहा कि जब तक आदिम जनजाति का विकास नहीं होगा, राज्य का विकास नहीं होगा। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आप सबके उत्थान हेतु कई योजनाएं संचालित है, आप सभी को इन योजनाओं का लाभ उठाना होगा। 

उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल आने से पूर्व स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा सचिव के साथ समीक्षा की थी। विद्यालय में शिक्षकों एवं अस्पताल में चिकित्सों की कमी व अनुपस्थिति पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विद्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ अस्पताल में चिकित्सों व चिकित्साकर्मियों की भी बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि कार्य न करने पर वेतन न मिले। 

उन्होंने कहा कि यहां प्राथमिक अस्पताल के निर्माण हेतु प्रयास किया जायेगा। राज्यपाल महोदय ने स्वयं सेवा सहायता समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिक्षको की कमी के संदर्भ में ध्यान आकृष्ट कराने पर कहा कि राज्य में शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। अब यहां शिक्षकों की समस्या नहीं होगी। 

उन्होंने जल की समस्या के संदर्भ में ध्यान आकृष्ट कराने पर कहा कि उनके द्वारा आज ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ चेकडैम के निर्माण व वर्षा जल संचयन हेतु अधिकारियों को निदेशित किया गया। 
राज्यपाल ने उक्त अवसर पलामू में लिफ्ट एरिगेशन के तहत कार्य करने की बात कही। उन्होंने सभी को जागरूक होने होते हुए कहा तथा नशापान से दूर रहने हेतु कहा। 

उन्होंने सभी से अपने बच्चों को शिक्षित करने हेतु आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यहां किसी प्रकार की अवैधानिक कार्य नहीं होने दिया जायेगा। आप सभी को आपका यथोचित हक प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि मन में विश्वास हो तो सफलता प्राप्त होगी। माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत ब्रिटेन को पीछे करते हुए विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। समग्र विकास लोगों के लिए आवश्यक है। माताओं-बहनों को फ्री में गैस कनेक्शन प्रदान कराया जा रहा है। 

उक्त अवसर पर राज्यपाल द्वारा आदिम जनजाति पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना की स्वीकृति पत्र लाभुकों को प्रदान किया। साथ में ही बिरसा आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना, सावित्रीबाई फुले योजना एवं अन्य योजनाओं का लाभ लाभुकों को दिया गया। 

मनरेगा के तहत नये लाभुकों को जॉब कार्ड प्रदान किये गये। वहीं लाभुकों के मध्य विभिन्न योजनान्तर्गत परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। राज्यपाल ने नावाडीह पंचायत भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पलामू उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने सभी का स्वागत करते हुए नावाडीह पंचायत के सुरंगाही टोला एवं रामगढ़ प्रखंड की आदिम जनजातियों की बसावट के बारे में ब्यौरा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन उप विकास आयुक्त रवि आनंद ने किया।

मौके पर पलामू जोन के आईजी राजकुमार लकड़ा, पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, सहायक समाहर्ता श्रीकांत विस्पुते, अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह, रामगढ़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी पार्थ नंदन, नजारत उपसमाहर्ता शैलेश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी तथा मुखिया दयानंद प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य पिंकी सुरीन, उप मुखिया ललन यादव,  वार्ड सदस्य कौशल्या देवी, संजय सोरेन, लालधनी तुरी आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

दी गयी खेल सामग्री

नावाडीह पंचायत भवन में सुरंगाही टोला के ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान माननीय राज्यपाल, झारखंड के समक्ष स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने खेल सामग्री की मांग की थी। माननीय राज्यपाल ने उन्हें इसे उपलब्ध कराने की आश्वासन दिया था। इसी के आलोक में पलामू जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खेल सामग्री की व्यवस्था करायी। 

राज्यपाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को प्रखंड क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए स्थानीय परिसदन में खेल सामग्री का वितरण किया गया। मौके पर उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे, पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा आदि थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse