विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की विजेता को मिलेगी इतनी प्राइज मनी

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए प्राइज मनी का एलान कर दिया है। इस बार चैंपियन बनने वाली टीम को लगभग 13.22 करोड़ रुपये दिये जायेंगे। वहीं, हारने वाली टीम को लगभग 6.61 करोड़ रुपये अपने साथ लेकर जायेगी।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021-2023 सत्र का फाइनल मैच सात जून से इंग्लैंड के ओवल में होगा। फाइनल में भारत और आस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के पिछले सत्र में भी इनामी राशि यही थी। 

2019-2021 के चक्र में यही प्राइज मनी थी और फाइनल में हारने पर भारतीय टीम को 6.61 करोड़ रुपये मिले थे। इस बार भारत और आस्ट्रेलिया ने फाइनल में जगह बनाकर अपने कम से कम छह करोड़ रुपये पक्के कर लिये हैं। वहीं, जीतने वाली टीम 13 करोड़ रुपये लेकर घर जायेगी। 

आईसीसी अधिकारी ने बताया की इस साल की प्राइज मनी भी पिछले साल की चैंपियनशिप जितनी ही होगी। पिछली बार के विजेता न्यूजीलैंड को 13.21 करोड़ रुपये मिले थे। कीवी टीम ने फाइनल में भारत के खिलाफ आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। 

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में तीसरे स्थान की टीम दक्षिण अफ्रीका को लगभग 3.72 करोड़ रुपये और चौथे स्थान की टीम इंग्लैंड को लगभग 2.9 करोड़  रुपये दिए जाएंगे। श्रीलंका की टीम पहले फाइनल में जगह बनाने की दावेदार थी, लेकिन अंत में यह टीम पांचवें स्थान पर रही। 

श्रीलंकाई टीम को लगभग 1.65 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। छठे से नौवें स्थान के बीच रहने वाली हर टीम को लगभग 82.70 लाख रुपये दिए जाएंगे। न्यूजीलैंड (छठे), पाकिस्तान (सातवें), वेस्टइंडीज (आठवें) और बांगलादेश (नौवें) स्थान पर है। 

तैयारी के लिए इंग्लैंड पहुंचे चुके हैं खिलाड़ी 

भारतीय टीम के कई अहम खिलाड़ी तैयारी के लिए इंग्लैंड पहुंच चुके हैं। आईपीएल 2023 में प्लेआॅफ के मुकाबले जारी हैं और अब तक सात टीमें इस टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। इन टीमों में शामिल खिलाड़ी इंग्लैंड के लिए रवाना हो गये हैं। वहीं, फाइनल और दूसरा क्वालिफायर खेलने वाली टीमों के खिलाड़ी 30 मई को इंग्लैंड रवाना होंगे।

फिलहाल विराट कोहली के साथ मोहम्मद सिराज, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल और आॅलराउंडर शार्दुल ठाकुर इंग्लैंड पहुंच चुके हैं। इन सभी खिलाड़ियों की टीमें प्लेआफ में नहीं पहुंची थीं। खिलाड़ियों के साथ कोच राहुल द्रविड़ और सहयोगी स्टाफ भी लंदन में है। 

पुजारा पहले से ही काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं और इंग्लैंड में हैं। प्लेआफ के बाद इंग्लैंड जाने वाले खिलाड़ियों में कप्तान रोहित शर्मा, ईशान किशन, शुभमन गिल, मोहम्मद शमी, श्रीकर भरत और अजिंक्य रहाणे शामिल हैं। 

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारत और आस्ट्रेलिया की टीमें 

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, ईशान किशन (विकेटकीपर।) 
स्टैंडबाय खिलाड़ी : ऋतुराज गायकवाड़, मुकेश कुमार, सूर्यकुमार यादव। 

आस्ट्रेलिया : पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मार्कस हैरिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), उस्मान ख्वाजा, मारनस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, टॉड मर्फी, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ (उपकप्तान), मिचेल स्टार्क, डेविड वार्नर।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse