टीम एबीएन, रांची। रांची समेत पूरा झारखंड भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार को रांची का पारा भी 40.5 डिग्री पर पहुंच गया। इस बीच, गर्मी को देख मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य के सभी सरकारी व निजी स्कूलों का समय बदल दिया गया है।
इस संबंध में स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार 19 अप्रैल से पांचवीं तक की कक्षाएं सुबह सात से 11 बजे तक जबकि उससे ऊपर की कक्षाएं सात से 12 बजे तक चलेंगी। इस दौरान एमडीएम मिलेगा पर खेल गतिविधियों पर रोक रहेगी।
शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने सभी डीसी, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, डीईओ व डीएसई को निर्देश दे दिया है। उन्होंने कहा है कि यह आदेश फिलहाल 25 अप्रैल तक जारी रहेगा। मौसम को देख आगे निर्णय लिया जायेगा।
बता दें कि गर्मी बढ़ने से स्कूलों में ही बच्चे बेहोश होने लगे हैं। लूज मोशन, उल्टी, बुखार व चक्कर की शिकायतें मिल रही है। इधर, मंगलवार को भी गोड्डा सबसे अधिक गर्म रहा। यहां तापमान 44.9 डिग्री दर्ज किया गया। पाकुड़ व देवघर में भी तापमान 44.1 डिग्री रहा जबकि मेदिनीनगर का तपामान 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। 39.2 डिग्री तापमान के साथ लोहरदगा सबसे कम गर्म रहा। झारखंड के 11 जिलों में 20 अप्रैल तक लू चलने की आशंका जतायी गयी है।
इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, सरायकेला,पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका व पाकुड़ शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार रांची के हिनू, टाटीसिलवे और कांके में ज्यादा गर्मी पड़ रही है। हिनू इलाके में अधिकतम तापमान 38.7, टाटीसिलवे में 38.7 और कांके में 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। नामकुम में अधिकम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse