इंदौर : बावड़ी हादसे में अब तक 35 की मौत, 20 से ज्यादा निकाले गये

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। शहर के श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर के बावड़ी हादसे में अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा लोगों को बावड़ी से निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि अभी एक व्यक्ति और लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है।

गुरुवार को यहां रामनवमी पर पूजा की जा रही थी। सुबह 11ः30 बजे हवन शुरू हुआ था। मंदिर परिसर के अंदर बावड़ी की गर्डर फर्शी से बनी छत पर 60 से ज्यादा लोग बैठे थे। तभी स्लैब भर-भराकर गिर गया और सभी लोग गहरी बावड़ी में जा गिरे। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।

गुरुवार देर रात बावड़ी से कुल 30 लोगों को निकाला गया था, जिनमें 14 लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद बावड़ी का पानी खाली कराने के बाद पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। देर रात 12 से 1ः30 बजे के बीच 16 शव और निकाले गये। इसके बाद सुबह कुछ लोगों के शव बरामद हुए। फिलहाल रेस्क्यू जारी है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभाल रखा है। प्रशासन की भी कई टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हैं।

इंदौर के संभागीय कमिश्नर डॉ पवन शर्मा ने बताया कि इस हादसे में अब तक 35 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। राहत कार्य अब भी जारी है। अब तक 18 लोगों को बचाया जा चुका है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिये हैं। उन्होंने मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद देने का ऐलान किया है। घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठायेगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse