राजधानी रांची में मिला एच3एन2 वायरस का दूसरा मरीज

 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में रविवार को एच 3एन2 वायरस के दूसरे मरीज की पहचान हुई है। चार साल की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के आइसीयू में आक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। उसकी हालत स्थिर है।

रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के डॉ राजेश ने बताया कि तीन दिन पहले बच्ची में न्यूमोनिया के लक्षण देखते हुए एडमिट कराया गया था। बच्ची को सर्दी-खांसी की शिकायत थी। उसका टेस्ट कराया गया तो इंफ्लुएंजा की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि चूंकि कोरोना और इंफ्लुएंजा दोनों के लक्षण एक जैसे हैं। ऐसे में राज्यभर में लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है। इसलिए सर्दी-खांसी को हल्के में लेने की बजाय तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें।

जमशेदपुर में मिला पहला मरीज

राज्य में एच3एन2 संक्रमण का पहला मरीज जमशेदपुर में मिला। जमशेदपुर के साकची की रहने वाली 68 वर्षीय महिला संक्रमित है। डॉक्टरों के मुताबिक उसका फेफड़ा 35 प्रतिशत से अधिक खराब हो चुका है। महिला को 13 मार्च से बुखार, खांसी और सांस फूलने की समस्या हो रही थी। 16 मार्च को टीएमएच में भर्ती कराया गया था, जहां से सैंपल जांच के लिए भेजा गया था।

सिविल सर्जन डॉ जुझार मांझी ने बताया कि संभावित लक्षण वाले छह मरीजों के सैंपल जांच के लिए माइक्रो वायरोलॉजी लैब में भेजे गये थे। इनमें महिला मरीज में वायरस की पुष्टि हुई। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद परिवार के चार अन्य सदस्यों को भी जिला सर्विलांस विभाग ने घर में आइसोलेट कर दिया है। उनके सैंपल भी लिये गये हैं। इनमें से दो लोगों को हल्की सर्दी-खांसी है। 

पीड़ित महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। राज्य में एच3एन2 संक्रमण के मरीज मिलने के बाद से स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। अब रिम्स में भी इस संक्रमण के मरीजों की जांच के लिए सैंपल लिए जा सकेंगे। रिम्स को ऐसे 200 मरीजों की जांच के लिए सैंपल कलेक्शन किट मिल गया है। अब यहां भी सैंपल कलेक्शन हो सकेगा। यहीं जांच भी हो जायेगी। 

हालांकि जांच किट मिलने के बाद भी रिम्स में जांच शुरू हुई हो सकी है। रिम्स को मिला 200 जांच किट, 44 बेड सुरक्षित स्वास्थ्य सचिव की ओर से सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं। जिलों के अस्पतालों को भी अलर्ट मोड में रहने को कहा है। रिम्स और सदर अस्पताल पूरी तरह से तैयार है।

 खतरे की आशंका को देखते हुए रिम्स में 24 और सदर अस्पताल रांची में 20 बेड सुरक्षित रखे गए हैं। रांची सदर अस्पताल के नए भवन में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। यहां ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, एचएफएनसी आदि की व्यवस्था की गयी है। वहीं रिम्स प्रबंधन के मुताबिक आइसोलेशन वार्ड में 24 बेड सुरक्षित रखे गये हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse