एबीएन सेंट्रल डेस्क। पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 का आयोजन भारत के ओडिसा में होना है। इस टूर्नामेंट के सभी मैच भुवनेश्वर और राउरकेला में होने हैं। भारत लगातार दूसरी बार हॉकी विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। लगातार दूसरी बार विश्व कप के सभी मैचों का आयोजन ओडिसा में ही होना है। इस बीच ओडिसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा है कि अगर भारत यह विश्व कप जीतने में सफल रहता है तो भारतीय टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये दिये जायेंगे।
पटनायक ने राउरकेला का दौरा किया। यहां उन्होंने बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम परिसर में विश्व कप गांव का उद्घाटन किया। विश्व कप गांव को रिकॉर्ड नौ महीने के अंदर बनाया गया है और इसमें हॉकी विश्व कप के स्तर के अनुरूप सभी सुविधाओं के साथ 225 कमरे हैं। विश्व कप विलेज में हॉकी विश्व कप की टीमें और अधिकारी रहेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पटनायक ने विश्व कप विलेज में ठहरी राष्ट्रीय पुरुष हॉकी टीम से बातचीत की। पटनायक ने कहा कि अगर हमारा देश विश्व कप जीतता है तो टीम इंडिया के प्रत्येक खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। मैं टीम इंडिया को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे चैंपियन बनकर उभरें।
खिलाड़ियों ने ओडिशा सरकार की प्रशंसा की और देश के खिलाड़ियों और हॉकी के लिए बेहतर सुविधाएं और माहौल बनाने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। विश्व कप गांव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को विश्व कप के लिहाज से बेहतर माहौल देगा। यहां हॉकी अभ्यास केंद्र और बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम भी खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे।
ओडिशा की संस्कृति को दर्शाते हुए सेवा और आतिथ्य की जिम्मेदारी ताज ग्रुप को दी गई है। इसके लिए हॉकी इंडिया ने ताज ग्रुप से बात कर ली है। ओडिशा के खेल मंत्री टीके बेहरा, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की, सचिव वी के पांडियन, सचिव खेल, आर विनील कृष्णा, एमडी आईडीसीओ, भूपेंद्र सिंह पूनिया, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और ओडिशा सरकार और हॉकी इंडिया के अधिकारी वर्ल्ड कप विलेज के उद्घाटन के मौके पर मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse