टीम एबीएन, रांची। झारखंड में नूतन वर्ष 2023 के आगमन का स्वागत छिटपुट बादल के साथ खुशनुमा मौसम से होगा। मौसम केंद्र रांची के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने से ठंड से राहत भी लोगों को मिलेगी। मौसम केंद्र रांची ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा में हवा चलेगी।
कहा कि एक जनवरी को राजधानी रांची सहित राज्य भर में छिटपुट बादलों के साथ मौसम शुष्क रहेगा। सुबह में कोहरा या धुंध बन सकता है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे कम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस खूंटी में रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सबसे उच्च तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का रहा। पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से 02.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस ऊपर 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसी तरह जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं बोकारो का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। चाईबासा का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
वहीं चाईबासा का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बाबानगरी देवघर का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह गिरिडीह का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं खूंटी का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रामगढ़ में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 08 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सिमडेगा का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम केंद्र रांची ने 01 जनवरी से 2023 से 06 जनवरी 2023 तक का रांची और इसके आसपास के मौसम पूर्वानुमान भी जारी किया है। जिसके अनुसार एक जनवरी से चार जनवरी तक रांची और आसपास के इलाकों में सुबह में धुंध के बाद आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं और इस दौरान तापमान 11 डिग्री से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं पांच और छह जनवरी को राजधानी और इसके आसपास के इलाके में आंशिक बादल के साथ-साथ बहुत हल्के दर्जे की वर्षा की संभावना व्यक्त की गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse