टीम एबीएन, रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने सोमवार को मुख्यमंत्री के सामंती सोच वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। प्रकाश ने कहा कि परिवारवादी, राजनीति व सामंतवाद का दूसरा नाम है। उन्होंने कहा कि राज्य की सत्ता पर काबिज ठगबंधन के दल परिवारवादी सामंती सोच से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामियों, विफलताओं के साथ भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए मुख्यमंत्री जी अपने उल्टे सीधे बयानों से जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा मोदी सरकार गांव, गरीब, दलित, आदिवासी व वंचितों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। भाजपा सरकार का लक्ष्य अंत्योदय है। उन्होंने कहा कि सामंतवाद का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है, जहां सारे नियमों, कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए मुख्यमंत्री जी अपनी कलम से स्वयं के नाम और अपनी पत्नी, भाई के नाम ही खान खनिज का आवंटन कर देते हैं। जनता जान रही है कि इससे बड़ा सामंती सोच और क्या हो सकता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन को अपने परिवार की जागीर समझने वालों से बड़ा सामंत इस राज्य में कोई दूसरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आज अगर झारखंड की जनता को जितनी भी सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं उसका अधिकांश हिस्सा केंद्र सरकार की देन है।
उन्होंने कहा कि गरीबों के अनाज की कालाबाजारी कराने वाली सरकार, आयुष्मान योजना के पैसे के बिना गरीबों का इलाज रोकने वाली सरकार, सड़क, बिजली, प्रधानमंत्री आवास योजना को रोकने वाली सरकार, नल जल योजना को ठंडे बस्ते में डालने वाली सरकार, बहन बेटियों की इज्जत लुटवाने वाली सरकार, युवाओं को लगातार झूठे वादों और गलत नीतियों से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली सरकार, किसानों को धोखा देने वाली सरकार, सबसे बड़ी सामंती मानसिकता की सरकार है, जिसे केवल अपने परिवार के विकास की चिंता है, राज्य की जनता के विकास से कुछ भी लेना देना नहीं है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse