टीम एबीएन, झुमरीतिलैया। आईसीडीएस के निजीकरण के खिलाफ और आंगनबाड़ी सहित सभी योजना कर्मियों को न्यूनतम 26 हजार मानदेय देने की मांग पर और संसद के बजट के सत्र में योजना कर्मियों के हक में सांसदों द्वारा आवाज उठाने के लिए ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ आंगनबाड़ी वर्कर्स एण्ड हेल्पर (आइफा) के देशव्यापी आह्वान पर नए साल में देश के सभी सांसदों के यहां प्रदर्शन करने के तहत 6 जनवरी को कोडरमा सांसद और केन्द्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी के चाराडीह स्थित आवास पर सेविका सहायिका शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी, जिसमें स्वास्थ्य सहिया (आशा बहनें), विद्यालय रसोइया और जल सहिया सहित अन्य योजना कर्मियों को भी शामिल किया जायेगा। यह निर्णय ब्लॉक परिसर स्थित तालाब पार्क में रविवार को झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ (सीटू) की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शोभा प्रसाद और संचालन जिला सचिव शोभा प्रसाद ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य सचिव और आंगनबाड़ी संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संजय पासवान ने कहा कि सरकार द्वारा सेविका सहायिका से सभी सरकारी योजना का काम कराने के बावजूद पिछले पांच सालों में केन्द्र सरकार ने सेविका सहायिका का मानदेय एक रूपये भी नहीं बढ़ाया है, जबकि महंगाई बढ़ने के कारण सभी चीजों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण मटका और पोषण वाटिका के नाम पर आईसीडीएस को खत्म करने की साजिश हो रही है। निजीकरण के माध्यम से इसे कॉरपोरेट के हवाले कर सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है।
राज्य में मानदेय बढ़ने के बाद भी सेविका सहायिका को बढ़ा हुआ मानदेय नहीं दिया जा रहा है। चार माह से पोषाहार और मानदेय नहीं मिलने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र चलाना मुश्किल हो गया है। पोषण ट्रैकर ऐप पर काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, लेकिन मोबाइल रिचार्ज का पैसा नहीं दिया जा रहा है। वहीं स्नीप योजना के तहत गोद भराई, मुंह जुट्ठी कार्यक्रम का पैसा भी कई महीनों से नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि सेविका सहायिका पर काम का बोझ बढ़ाकर चौतरफा शोषण किया जा रहा है। ऐसे में आंदोलन ही रास्ता है।
प्रदेश अध्यक्ष मीरा देवी ने कहा कि गैस सिलेंडर दिया गया, लेकिन गैस भराने की व्यवस्था नहीं है। एक बच्चा के लिए ईंधन पर 13 पैसा में नाश्ता और खाना बनाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। अगर प्रतिमाह गैस भराने की व्यवस्था नहीं किया, तो हम बच्चों को गरम खिचड़ी देना बंद करेंगे और सुखा राशन देने के लिए बाध्य होंगे। धन्यवाद ज्ञापन जिला कोषाध्यक्ष संतोषी कुमारी ने किया।
बैठक में संध्या वर्णवाल, कुमारी सरिता, गीता देवी, आरती देवी, लता देवी, प्रतिमा देवी, मुन्नी यादव, ललिता देवी, सुमा देवी, उषा कुमारी, बेबी देवी, आशा कुमारी, चन्दना भारती, सुनीता देवी, किरण देवी, सोनी देवी, कंचन देवी, रिंकी देवी, वीणा देवी, बबीता देवी, किरण देवी, मुनी कुमारी, पंकज देवी, संतोषी देवी, रीना देवी, नजमा खातुन, फहमीदा खातुन, वीणा कुमारी, नूतन देवी, गंगोत्री देवी सहित दर्जनों सेविका सहायिका मौजूद थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse