टीम एबीएन, हजारीबाग। पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में 65वें वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह 2022 के तीसरे दिन निरीक्षण दिवस मनाया गया। निरीक्षण डीएमएस (खनन)-कोडरमा क्षेत्र, आईएसओ, जीएम (सुरक्षा) सीसीएल और आम्रपाली ओपनकास्ट परियोजना से आए निरीक्षण दल द्वारा किया गया। इस मौके पर एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजनाओं के मुख्य महाप्रबंधक, सीएमएचक्यू एनटीपीसी से जीएम (सुरक्षा), खान एजेंट, खान प्रबंधक, परियोजना के प्रमुख टीएसएमपीएल (एमडीओ) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत डायरेक्टर माइंस सेफ्टी, आईएसओ और निरीक्षण करने वाली टीम को पौधा और शॉल देकर किया गया। खानों में सुरक्षित प्रथाओं पर सुरक्षा अधिकारीयों द्वारा प्रस्तुतीकरण के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। इसके बाद टीम माइंस के लिए रवाना हुई और मंच पर उनका भव्य स्वागत परंपरागत आदिवासी नृत्य से किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि नव प्रकाश देवरी ने गुब्बारे छोड़े और दीप प्रज्वलन के बाद एनटीपीसी गीत के साथ सभी ने सुरक्षा की शपथ ली। संगीत टीम ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी जो खानों की कला और सुरक्षित संस्कृति का एक अद्भुत प्रदर्शन था। नृत्य संगीत और नुक्कड़ नाटक मुख्य रूप से सुरक्षित खनन कैसे की जाती है और नियम कानून कैसे पालन किए जाते हैं इससे जुड़ा था। खानों में कार्यरत 12 महिला डंपर संचालकों को परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक व अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया। इस मौके पर पकरी बरवाडी कोयला खनन परियोजनाओं के मुख्य महाप्रबंधक शिवम श्रीवास्तव ने अपना सुरक्षा संदेश देते हुए कई महत्वपूर्ण बातें कही। जोहार से अपना वक्तव्य शुरू करने वाले एचओपी ने पकरी बरवाडीह सीएमपी परियोजना द्वारा हासिल किये गये हाल की उपलब्धियों के लिए सभी कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आपकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि आज हम निरंतर नई उपलब्धियों को छू रहे हैं। मुख्य महाप्रबंधक ने यह भी याद दिलाया कि जब कोयले की डिमांड देश में कुछ महीने पहले बढ़ गयी थी तो सरकार ने हमें भी प्रोडक्शन बढ़ाने का निर्देश दिया था जिसे आप सब के अथक परिश्रम की वजह से हासिल किया जा सका और हमने देश के विभिन्न थर्मल पावर प्लांट में कोयला सप्लाई की। कर्मचारियों को सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि जब हम माइंस आते हैं तो कोई एडमिनिस्ट्रेटिव हायरारकी नहीं होती हम सब एक समान होते हैं तो बिना झिझक के अगर कहीं भी कोई समस्या आए तो जरूर पूछें और सुरक्षित होकर काम करें।
मुख्य अतिथि नव प्रकाश देवरी ने कहा कि मैं शुरू से इस प्रोजेक्ट के साथ जुड़ा हूं, जैसे किसी माता-पिता को अपने बच्चे की सफलता पर खुशी महसूस होती है वैसे ही आज मुझे इस परियोजना को बढ़ते हुए देख खुशी महसूस हो रही है। लेडी डंपर ड्राइवरों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आप समाज के लोगों के लिए उदाहरण हैं। देश की महिलाओं को आपने प्रभावित किया है। आज देश की लाखों बेटियां आप से प्रेरणा ले रही है। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ जहां व्यापार परीक्षण विजेताओं, श्रमिकों के लिए सुरक्षा स्टार और सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अंत में टीम स्टॉल की ओर बढ़ी जहां विभिन्न खान मॉडल प्रदर्शित किए गए थे। टीम ने खदान और डंप क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर खानों के निरीक्षण के बाद एसओपी, सीओपी, एसएमपी और अन्य वैधानिक अनुपालन के लिए खानों का मूल्यांकन किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse