एबीएन सेंट्रल डेस्क। एशिया के सबसे अमीर इंसान गौतम अदाणी अब टेलीकॉम सेक्टर में कदम रखने की तैयारी में है। अदाणी की कंपनी अदाणी डाटा नेटवर्क लिमिटेड (एडीएनएल) को दूरसंचार सेवाओं के लिए एकीकृत दूरसंचार लाइसेंस मिल गया है। आसान भाषा में कहा जाए तो लाइसेंस मिलने के बाद अब एडीएनएल देश में हर तरह की टेलीकॉम सर्विसेज दे सकती है। सोमवार को मिला लाइसेंस : मीडिया रिपोटर्स के अनुसार अदाणी समूह को सोमवार को एकीकृत दूरसंचार लाइसेंस प्रदान किया गया है। हाल ही में देश में हुई 5जी स्पेक्ट्रम नीलामी में स्पेक्ट्रम खरीदने के बाद अदाणी समूह ने टेलीकॉम सेक्टर में कदम रखा था। स्पेक्ट्रम खरीदते समय कंपनी ने कहा था कि वह इस स्पेक्ट्रम का उपयोग समूह के भीतर की कारोबारी गतिविधियों के लिए करेगी। जिओ, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया को मिलेगी कड़ी टक्कर : एकीकृत दूरसंचार लाइसेंस प्राप्त करने के बाद अब एडीएनएल देश में सभी तरह की टेलीकॉम सर्विसेज उपलब्ध करा सकती है। कंपनी अपनी 5जी सेवाओं को भी विस्तार दे सकती है। हालांकि अभी तक अदाणी समूह की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। मगर ऐसा माना जा रहा हैं कि एडीएनएल के इस सेक्टर में कदम रखने के बाद मौजूदा टेलीकॉम दिग्गजों जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर मिलने वाली है। पहली बार अंबानी-अदाणी में सीधा मुकाबला : देश के दो सबसे बड़े उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है। अभी तक दोनों अलग-अलग सेक्टर में व्यापार करते थे और दोनों के बीच सीधे तौर पर कोई प्रतिस्पर्धा नहीं थी। एक तरफ मुकेश अंबानी का रिलायंस समूह तेल, रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल्स से लेकर टेलीकॉम और रिटेल सेक्टर में काम करता है। वहीं दूसरी तरफ अदाणी समूह पोर्ट, कोयला, ग्रीन एनर्जी, बिजली वितरण और एविएशन सेक्टर में काम करता है। लेकिन अब टेलीकॉम सेक्टर में दोनों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse