टीम एबीएन, कोडरमा। पिछले कई दिनों से जिला वासी अनियमित विद्युत आपूर्ति से परेशान हैं। 24 घंटे में जिले में 10 से 12 घंटे ही बिजली की आपूर्ति हो रही है। इस वजह से गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है तो वहीं पेयजलापूर्ति भी बाधित हुई है। इधर उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। वहीं बिजली रानी के नखरे भी परेशानी का सबब बना हुआ है। इस मामले को लेकर पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सुधांशु कुमार से मुलाकात की और समस्या से अवगत हुई। अधीक्षण अभियंता सुधांशु ने बताया कि डीवीसी लगातार दस दिनों से दो-दो घंटे का लोड शेडिंग तीन-तीन बार बिना बताए कर रहा है। ऐसे में विभाग को दो घंटे के बाद बिजली मिलने के उपरांत आपूर्ति ट्रिप हो जा रहा है। विभाग भी मरम्मति व अन्य कार्य के लिए चार से पांच घंटा बिजली काट रहा है। अगर डीवीसी समय बताकर लोड शेडिंग करे तो उसी बीच विभाग मेंटेनेंस वर्क कर सकता है। पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने समस्याओं से अवगत होने के बाद डीसी आदित्य रंजन को पत्र लिखकर डीवीसी के इस व्यवस्था पर पहल करने की मांग की है, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिल सके। डीसी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि किसी भी क्षेत्र के विकास में बिजली का बड़ा योगदान होता है। बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ गृहणियों को घरेलू काम करने, लघु उद्योग चलाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने शीघ्र ही जिला प्रशासन से समाधान करने की अपील की है। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अपने ही घर आंगन में डीवीसी और यही पर अंधेरा, यह बर्दाश्त नही किया जाएगा। यहां की जमीन, यहां का कोयला और यहीं का पानी लेने के बाद भी कोडरमा में अंधेरा पसरा है। जबकि नियम के अनुसार जहां भी विद्युत उत्पादन केंद्र होता है उस क्षेत्र में 24 घंटे बिजली देने का प्रावधान है। डीवीसी इसकी अवहेलना कर रहा है, जिसपर कोई पहल नहीं हुई और लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गयी तो जनहित में और जन सहयोग से आंदोलन करने को विवश होना पड़ेगा। मौके पर कार्यपालक अभियंता तकनीकी नथन रजक के अलावा अन्य लोग भी मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse