गुरु पूर्णिमा पर प्रणामी मंदिर में उमड़ी श्रद्धा, गुरु चरणों में भक्तों ने अर्पित की आस्था

गुरु पूर्णिमा पर प्रणामी मंदिर में उमड़ी श्रद्धा, गुरु चरणों में भक्तों ने अर्पित की आस्था
 

एबीएन सोशल डेस्क। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। गुरुजी संत शिरोमणि परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, आध्यात्मिकता और गुरु भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजी श्री मंगल दासजी महाराज, श्री श्री 108 संत गुरु राधिका दासजी महाराज एवं परमहंस डॉ. संत सदानंद जी महाराज का विधिवत पूजन एवं वंदन किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में पुष्प एवं श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भक्तों ने गुरु के प्रति अपनी आस्था एवं समर्पण व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

महोत्सव के अवसर पर मंदिर में भगवान श्री कृष्ण एवं श्री राधारानी का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। आकर्षक श्रृंगार एवं मनोहारी दर्शन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। पूजा के उपरांत भगवान श्री राधा-कृष्ण को 51 किलो केसरिया खीर का भोग अर्पित किया गया। 

इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा दीप प्रज्वलित किए गए तथा सामूहिक आरती में सभी ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी और भक्तिमय जयकारों से गूंज उठा। भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर खूब झूमे। भक्तिमय गीतों और संकीर्तन से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया।कार्यक्रम के समापन पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। 

प्रसाद वितरण के दौरान भी भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु मनुष्य के जीवन में ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का प्रकाश फैलाते हैं। 

गुरु का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा प्रदान करता है तथा सेवा, सदाचार, मानवता और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु पूजन का पर्व नहीं, बल्कि गुरु के प्रति कृतज्ञता, श्रद्धा, समर्पण एवं उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का पावन अवसर है। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण, भक्त, ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse