टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित कार्यक्रम में 319 शिक्षकों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आने वाले दो से चार महीनों में हजारों नयी नियुक्तियां करने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद से ही मानव संसाधन के क्षेत्र में नियुक्ति प्रक्रिया को तेजी दी गयी है। उन्होंने बताया कि पिछले चार महीनों में शिक्षा विभाग में करीब 9 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी अभ्यर्थी इंटर और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार केवल रोजगार देने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि झारखंड के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए नियुक्तियां कर रही है।
हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय योजना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से कुपोषण झारखंड के लिए एक बड़ी चुनौती रहा है। अब सरकार का लक्ष्य राज्य को इस समस्या से बाहर निकालना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और महिला पर्यवेक्षिकाओं की इसमें अहम भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर बने। इसके लिए शिक्षा, पोषण और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में संजय प्रसाद यादव, राधाकृष्ण किशोर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse