आयुष्मान भारत : राष्ट्रीय रोल मॉडल रांची सदर अस्पताल को पुणे में मिला प्रथम स्थान

 

  • आयुष्मान भारत में झारखंड का उत्कर्ष : रांची सदर अस्पताल बना राष्ट्रीय रोल मॉडल, पुणे में मिला प्रथम स्थान 
  • पुणे में झारखंड का जलवा: आयुष्मान भारत में टॉप, देशभर में बजा डंका 
  • मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मेहनत लायी रंग: आयुष्मान भारत में झारखंड बना देश का सरताज 
  • स्वास्थ्य क्रांति का असर: झारखंड को मिला राष्ट्रीय सम्मान, रांची सदर अस्पताल ने रचा इतिहास 

टीम एबीएन, रांची/पुणे। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत झारखंड ने पूरे देश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर एक नया इतिहास रच दिया है। पुणे में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के चिंतन शिविर में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राज्य को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। 

यह सम्मान झारखंड को गुणवत्ता पूर्ण दावों के सफल निष्पादन, पारदर्शिता और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए प्रदान किया गया, जो राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलाव का स्पष्ट प्रमाण है। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह सफलता निरंतर मेहनत, प्रतिबद्धता और टीमवर्क का परिणाम है। 

उन्होंने कहा, जब मेहनत रंग लाती है तो मनोबल कई गुना बढ़ जाता है। हमने जो वादा किया था, उसे निभाकर दिखाया है और आगे भी जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मंत्री ने विशेष रूप से सदर अस्पताल रांची की सराहना करते हुए कहा कि यह अस्पताल आज देशभर में आयुष्मान भारत योजना के तहत नंबर वन बनकर एक आदर्श मॉडल के रूप में उभरा है। 

उन्होंने इसे पूरे झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र की सामूहिक सफलता बताया। उन्होंने आगे कहा, मैंने पहले ही कहा था कि मुझे थोड़ा समय दीजिए, मैं व्यवस्था बदलकर दिखाऊंगा। आज मिला यह राष्ट्रीय सम्मान उसी संकल्प और ठोस कार्यों का परिणाम है। 

इस दो दिवसीय कार्यक्रम (17-18 अप्रैल) में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए जसास (झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी) की टीम छवि रंजन, सीमा सिंह, वैभव राय, डॉ अखिलेश झा एवं आशीष रंजन ने सक्रिय भागीदारी निभायी। इस दौरान रांची सदर अस्पताल के उत्कृष्ट कार्यों को देशभर के प्रतिनिधियों के समक्ष रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया। 

राज्य को मिला यह सम्मान न केवल झारखंड का गौरव बढ़ाने वाला है, बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सकों के मनोबल को भी नयी ऊर्जा प्रदान करेगा। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि झारखंड स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन के नये मानक स्थापित कर रहा है। 

अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने पूरी टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि झारखंड आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा और देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा बनेगा। 

अपर मुख्य सचिव ने बतायी शानदार उपलब्धि 

स्वास्थ्य विभाग, झारखंड के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त होना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि राज्य की बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, पारदर्शिता एवं टीमवर्क का परिणाम है। 

मैं जसास की पूरी टीम, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। हमें विश्वास है कि झारखंड आगे भी स्वास्थ्य सेवाओं में नये कीर्तिमान स्थापित करेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse