एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क (मुंबई)। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने फिल्म मायसा के लिए बैंकॉक में मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली है। नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना अपने करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में कदम रख रही हैं, और इसकी वजह उनकी आने वाली पैन-इंडिया एक्शन ड्रामा फिल्म मायसा है।
फिल्म की इंटेंस झलक ने पहले ही काफी चर्चा बटोर ली थी, लेकिन अब रश्मिका की आफ-स्क्रीन मेहनत उम्मीदों को और भी ज्यादा बढ़ा रही है। डेब्यू डायरेक्टर रविंद्र पुल्ले के निर्देशन और अनफॉर्मूला फिल्म्स के प्रोडक्शन में बन रही मायसा में रश्मिका एक आदिवासी गोंड लड़की के रोल में हैं, एक ऐसा किरदार जिसमें इमोशनल गहराई के साथ-साथ जबरदस्त शारीरिक ताकत की भी जरूरत है।
इंटरनेशनल एक्शन डायरेक्टर एंडी लॉन्ग की देखरेख में इसके स्टंट्स तैयार किए जा रहे हैं, जिससे यह फिल्म भारतीय सिनेमा में फीमेल-लेड एक्शन के लिए एक नया पैमाना सेट करने की तैयारी में है। फिल्म की स्क्रिप्ट सुनने के बाद रश्मिका ने एक बड़ा फैसला लिया और वह है खुद को इस रोल के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार करने का।
एक्शन को एकदम असली और दमदार दिखाने के लिए रश्मिका बैंकॉक गयी हैं, जहां वो एक इंटेंस स्टंट और कॉम्बैट बूटकैंप में हिस्सा ले रही हैं। वहां उनका डेली रूटीन काफी मुश्किल भरा है। वो हर दिन लगभग आठ घंटे ट्रेनिंग कर रही हैं, जिसमें वो दुनिया भर के एक्सपर्ट्स से एडवांस स्टंट तकनीक, हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट और हाई-स्पीड एक्शन कोआर्डिनेशन सीख रही हैं।
उनकी ट्रेनिंग की तस्वीरों में रश्मिका का एक अलग ही रूप दिख रहा है, बेहद फोकस्ड और निडर, जो उनके अब तक के सॉफ्ट किरदारों से बिल्कुल अलग है। टीम जल्द ही केरल में फिल्म का एक अहम 16 दिनों का एक्शन शेड्यूल शुरू करेगी, और रश्मिका की मौजूदा ट्रेनिंग खास तौर पर इसी मुश्किल हिस्से के लिए तैयार की गयी है।
रश्मिका की इस कड़ी मेहनत को देखकर साफ है कि मायसा उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि एक बड़ा बदलाव और मील का पत्थर है जिसे वो हर हाल में हासिल करना चाहती हैं। जैसे-जैसे शूटिंग और तैयारी जोर-शोर से आगे बढ़ रही है, उनके इस अनोखे अवतार को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट भी बढ़ती जा रही है।
इस फिल्म में ईश्वरी राव, गुरु सोमसुंदरम और राव रमेश जैसे बेहतरीन कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। श्रेयस पी कृष्णा सिनेमैटोग्राफी संभाल रहे हैं, जबकि जेक्स बिजॉय ने संगीत दिया है। इंटरनेशनल स्टंट कोरियोग्राफर एंडी लॉन्ग इस बड़े प्रोजेक्ट के एक्शन सीन्स की देखरेख कर रहे हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse