धनबाद सांसद ने रेलवे को लिखा पत्र

 

  • धनबाद सांसद ढुलू महतो ने रेलवे विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री को भेजा विस्तृत पत्र
  • बोकारो को देशभर से जोड़ने की पहल: ER और अन्य जोनों के समन्वय से नई सेवाओं की मांग
  • गोमो जंक्शन को मिलेगी बड़ी राहत: सांसद ढुलू महतो ने 12 महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग
  • बिहार-झारखंड कनेक्टिविटी को मिलेगा बल: ECR के माध्यम से कई अहम सुझाव प्रस्तुत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर रेल कनेक्टिविटी एवं आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत पत्र प्रेषित किया है।

सांसद महतो ने अपने पत्र के माध्यम से गोमो जंक्शन (NSCB Jn. Gomoh) पर विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की जोरदार मांग की है। उन्होंने बताया कि गोमो एक प्रमुख रेल केंद्र होने के साथ-साथ औद्योगिक एवं धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन एवं रेलवे राजस्व में भी वृद्धि होगी।

इसके अतिरिक्त उन्होंने दक्षिण-पूर्व रेलवे क्षेत्र में भोजुडीह–बैद्यनाथ धाम–चंदनकियारी–फुसरो नई रेल लाइन निर्माण का प्रस्ताव रखते हुए इसे क्षेत्र के लिए लाइफलाइन बताया। यह परियोजना झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़ते हुए धार्मिक पर्यटन, रोजगार एवं आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।

सांसद महतो ने धनबाद जिले के विभिन्न रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर अंडरपास/ओवरब्रिज निर्माण की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि इन क्रॉसिंगों पर लगातार जाम की समस्या के कारण आम जनता, विद्यार्थियों एवं मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जो अत्यंत चिंताजनक है।

इसी क्रम में उन्होंने बिहार-झारखंड रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने हेतु पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के माध्यम से कई ठोस सुझाव दिए हैं, जिनमें ट्रेन विस्तार, नए ठहराव एवं विशेष ट्रेनों के नियमित संचालन का प्रस्ताव शामिल है।

साथ ही, सांसद महतो ने बोकारो क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए पूर्व रेलवे (ER) एवं अन्य जोनों के समन्वय से ट्रेनों के परिचालन विस्तार एवं नई सेवाओं के संचालन की भी मांग रखी है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शिलान्यासित पाथरडीह रेलवे फाटक संख्या-6 पर प्रस्तावित भूमिगत पुल निर्माण कार्य में हो रही देरी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इस परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों का विकास रेलवे कनेक्टिविटी से सीधे जुड़ा हुआ है। इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से अनुरोध किया कि जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इन सभी प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse