एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क, रांची। झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के तत्वावधान में मोराबादी, रांची स्थित वॉलीबॉल/जिम्नास्टिक्स मैदान में आयोजित तीन दिवसीय झारखंड राज्य एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप का आज भव्य एवं सफल समापन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए 250 से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य में एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स खेल को बढ़ावा देना, नयी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों एवं श्रेणियों में रोमांचक एवं उच्च स्तरीय प्रदर्शन प्रस्तुत कर दर्शकों एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. अजीत कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का भी निर्माण करता है। राज्य सरकार एवं संघ मिलकर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।
इस दौरान समारोह में विशिष्ट श्रीमती पुष्पा हेसा को झारखंड जिम्नास्टिक्स संघ के संरक्षक डॉ अजीत कुमार के द्वारा एसोसिएट उपाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया। उनके उपाध्यक्ष मनोनीत होने से झारखंड के जिम्नास्टिक्स खिलाड़ियो को भविष्य में काफी अच्छा मार्गदर्शन मिलेगा। प्रतियोगिता के दौरान अतिथियों के रूप में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट पुष्पा हेसा, निशिकांत पाठक, तुलिका श्रीवास्तव, हनी सिन्हा एवं डॉ. दीपक कुमार साहु एवं रांची जिला जिम्नास्टिक संघ के सचिव ,श्री गोविंद झा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इस प्रकार के आयोजन को राज्य के खेल विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें विकाश कुमार गोप, हेमा कुमारी, दीपक कुमारी मांझी, अमित गोप एवं राजवीर केरकेट्टा ने निष्पक्ष एवं कुशल निर्णय प्रदान कर प्रतियोगिता को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
समापन समारोह के अवसर पर विभिन्न वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया।
अंत में, झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन के महासचिव तूलिका श्रीवास्तव ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जतायी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse