टीम एबीएन, रांची। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता सह समाजिक कार्यकर्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि 23 फरवरी को झारखंड के विभिन्न नगर निकायों में चुनाव होने जा रहा है। यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि अपने शहर और वार्ड के भविष्य को तय करने का महत्वपूर्ण क्षण है।
विशेष रूप से रांची सहित सभी नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाताओं की भूमिका अत्यंत निर्णायक होगी।महापौर और पार्षद ऐसे हों जो ईमानदार, शिक्षित, दूरदर्शी और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील हों। उनका चरित्र पारदर्शी हो तथा वे भ्रष्टाचार से दूर रहकर विकास को प्राथमिकता दें। उन्हें प्रशासनिक समझ, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के साथ कार्य करने वाला होना चाहिए। नगर निकाय के प्रतिनिधियों का पहला दायित्व मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
स्वच्छ पेयजल, नियमित कचरा प्रबंधन, साफ-सफाई, बेहतर सड़कें, स्ट्रीट लाइट, पार्क एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही शिक्षा, महिला सुरक्षा, युवाओं के लिए खेल एवं कौशल विकास जैसे विषयों पर भी ठोस पहल करनी चाहिए। हर वार्ड में स्थानीय समस्याओं की पहचान कर योजनाबद्ध विकास होना चाहिए। डिजिटल सेवाओं का विस्तार, कर संग्रह में पारदर्शिता, जल-जमाव और ट्रैफिक प्रबंधन जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान आवश्यक है।
पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र का विस्तार और वर्षा जल संचयन जैसे प्रयास शहर को दीर्घकालीन लाभ देंगे।मतदाता ऐसे प्रतिनिधि चाहते हैं जो चुनाव के बाद भी नियमित रूप से जनता के बीच उपस्थित रहें। समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना हो तथा शिकायतों के निवारण की स्पष्ट व्यवस्था हो।
केवल वादों से नहीं, बल्कि कार्य और जवाबदेही से विश्वास जीता जा सकता है। मतदाताओं को उम्मीदवार की पृष्ठभूमि, कार्यशैली, सामाजिक योगदान और छवि का आकलन करना चाहिए। जाति, धर्म या व्यक्तिगत संबंधों के बजाय विकास, पारदर्शिता और कार्यक्षमता को आधार बनाकर मतदान करना लोकतंत्र को मजबूत करेगा।
अंतत: नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास की नींव है। जागरूक मतदाता ही सशक्त शहर का निर्माण कर सकते हैं। 23 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपने अधिकार का उपयोग करें और एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं विकसित झारखंड के निर्माण में भागीदार बनें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse