टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बबलू गंजू के रूप में हुई है।
वह अपने परिवार के साथ पुंदाग इलाके में किराये के मकान में रहता था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बबलू गंजू देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकला था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान बबलू गंजू के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुंदाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज करायी है। परिजनों के अनुसार, बबलू गंजू रात में घर से बाहर निकला था, लेकिन उसके साथ क्या हुआ यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।
हालांकि, यह हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण है, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है। मामले में मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की गयी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पायेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse