टीम एबीएन, रांची। छवि रंजन, कार्यकारी निदेशक, झारखंड स्टेट आरोग्य सोसायटी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति द्वारा 5 लाख रुपये से अधिक एवं 20 लाख रुपये तक की अनुशंसा से संबंधित मामलों पर विचार हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निदेशक, स्वास्थ्य सेवायें डाॅ सिद्धार्थ सान्याल, अपर कार्यकारी निदेशक, श्रीमती सीमा सिंह और महाप्रबंधक, जसास श्री प्रवीण चंद्र मिश्रा के साथ स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं आंतरिक वित्तीय सलाहकार उपस्थित थे। बैठक में कुल 18 गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों के मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में गंभीर बीमारी से ग्रसित 18 मरीजों को चिकित्सा अनुदान की राशि स्वीकृत करने पर सर्वसम्मति बनी। इन मामलों में कैंसर, किडनी ट्रांसप्लांट एवं अन्य जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल हैं। जिला स्तरीय समिति द्वारा अनुशंसित राशि को अनुमोदन प्रदान किया गया।
एक मरीज के उपचार हेतु 10 लाख रुपये से अधिक (16 लाख रुपये) की सहायता राशि की आवश्यकता को देखते हुए, राज्य स्तरीय समिति द्वारा इस प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति हेतु भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान यह पाया गया कि कुछ जिलों से प्राप्त आवेदनों में मरीज की वर्तमान चिकित्सीय स्थिति का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। इस पर कार्यकारी निदेशक, जसास श्री छवि रंजन ने निर्देश दिया कि सभी सिविल सर्जन स्वयं अथवा नामित पदाधिकारी के माध्यम से मरीज का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी सत्यापन किया जाएगा।
कार्यकारी निदेशक, जसास छवि रंजन ने यह भी निर्देश दिया गया कि अस्पतालों से प्राप्त उपचार अनुमान का सत्यापन संबंधित सिविल सर्जन द्वारा किए जाने के बाद ही निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं के माध्यम से प्रस्ताव को राज्य स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
राज्य सरकार मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को समय पर एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse