टीम एबीएन, रांची। केंद्र की मोदी सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री तथा रिपब्लिकन पार्टी आॅफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले मंगलवार को झारखंड पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिव उरांव समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की राजनीतिक और सामाजिक स्थिति पर अपनी बात रखी। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि झारखंड में आदिवासी, दलित और अति पिछड़े वर्ग के लोगों का झुकाव तेजी से आरपीआई की ओर बढ़ रहा है, जो पार्टी के लिए एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि पार्टी झारखंड में संगठन को मजबूत करने और विस्तार देने की दिशा में ठोस कदम उठाने जा रही है।
इसी क्रम में राज्य में एक सामाजिक रैली का आयोजन किया गया है, जिसके माध्यम से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाया जायेगा तथा झारखंड में संगठन की संभावनाओं का आकलन किया जायेगा। अठावले ने कहा कि झारखंड में आदिवासी और पिछड़े समाज से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं हैं।
आरपीआई शुरू से ही इन वर्गों के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए संघर्ष करती रही है। केंद्रीय मंत्री होने के नाते वे संसद में भी इन समुदायों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही झारखंड में उनकी पार्टी की सरकार नहीं है, लेकिन यहां की जनता का समर्थन फढक के साथ है।
उन्होंने बताया कि वे झारखंड की जमीनी हकीकत और समस्याओं को समझने के उद्देश्य से राज्य आए हैं। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की समीक्षा की जायेगी और जो भी समस्याएं सामने आयेंगी, उन्हें भारत सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा। छात्रवृत्ति से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों से बातचीत के बाद ही इस विषय पर कोई ठोस टिप्पणी की जायेगी।
एयरपोर्ट से रामदास अठावले सीधे मोरहाबादी मैदान स्थित राज्य अतिथि गृह पहुंचे, जहां विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की जायेगी। इसके बाद वे पुराना विधानसभा मैदान में पार्टी द्वारा आयोजित सामाजिक रैली में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, पार्टी के झारखंड प्रभारी चंदन कुमार और प्रदीप तिवारी ने कहा कि राज्य में आरपीआई के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। दलित और आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को लगातार मजबूती मिल रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse