हजारीबाग : सेंट्रल जेल से तीन अपराधी भागे, हड़कंप

 

हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली हजारीबाग केंद्रीय जेल से तीन अपराधी फरार, जेल प्रशासन में हड़कंप 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिला स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से तीन कैदियों के फरार होने की घटना सामने आयी है। फरार तीनों कैदी धनबाद जिले के वासेपुर इलाके के निवासी बताये जा रहे हैं। इस घटना की पुष्टि जेल अधीक्षक चंद्रशेखर सुमन ने की है। 

कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, तीनों कैदी गंभीर आपराधिक मामलों में सजा काट रहे थे। हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली केंद्रीय कारा से कैदियों का इस तरह फरार होना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। 

घटना के बाद से ही जेल प्रशासन ने आंतरिक स्तर पर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किस चूक के कारण कैदी जेल से बाहर निकलने में सफल हुए। कैदियों के फरार होने के बाद हजारीबाग के साथ-साथ धनबाद जिले में भी पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। 

संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और सीमावर्ती इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फरार कैदियों की तलाश में विशेष टीमों का गठन किया गया है। जेल अधीक्षक चंद्रशेखर सुमन ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। 

वहीं, इस घटना के बाद राज्य के अन्य केंद्रीय और मंडल कारागारों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा किये जाने की संभावना जतायी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि फरार कैदियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse