झारखंडी लोकधुनों पर थिरका पलामू

 

राज्य स्थापना दिवस पर छ:मुहान पर हुआ स्ट्रीट डांस का भव्य आयोजन 

छात्र-छात्राओं की झारखंडी प्रस्तुतियों ने बांधा समा, आमजन में जागा गौरव और उत्साह 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर आज प्रमंडलीय मुख्यालय के छहमुहान पर स्ट्रीट डांस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिला जनसंपर्क कार्यालय, पलामू की ओर से आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न कला एकेडमी एवं डांस एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने झारखंडी आदिवासी नृत्य और पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। 

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक आदिवासी परिधानों में सजी छात्राओं द्वारा सड़क किनारे प्रस्तुत नृत्य से हुई। इसके उपरांत मंच पर गीत-नृत्य के रंग बिखरे। पारंपरिक पोशाकों में सजे छात्र-छात्राओं ने झारखंड के लोकनृत्य, नागपुरी, संथाली, करमा आदि की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

जोश और ऊर्जा से भरपूर प्रदर्शन के दौरान छ:मुहान चौक पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। स्ट्रीट डांस के आयोजन से आमजन में झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति गर्व और जागरूकता का संदेश गया। लोगों ने कहा कि यह कार्यक्रम मनोरंजन के साथ-साथ राज्य की परंपरा और पहचान से जनता को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। 

स्ट्रीट डांस के सफल आयोजन को लेकर पलामू उपायुक्त समीरा एस. ने कहा है कि राज्य स्थापना दिवस को लेकर प्रतिदिन कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के माध्यम से आमलोगों में राज्य स्थापना दिवस का गर्व और अपनत्व का भाव जागृत होता है।

झारखंड की लोकसंस्कृति हमारी पहचान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नयी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं तथा समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की प्रस्तुति को लेकर सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा है कि इस प्रकार की पहल झारखंडी संस्कृति के संरक्षण और प्रसार के लिए प्रेरणादायक है। 

कार्यक्रम के समापन पर नियोजन पदाधिकारी-सह- नजारत उप समाहर्ता नीरज कुमार ने प्रतिभागी छात्र- छात्राओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन झारखंड की लोकसंस्कृति को नयी ऊंचाई देने का कार्य करते हैं। 

स्थापना दिवस की पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना दिया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से हुए इस आयोजन में नियोजन पदाधिकारी-सह-नजारत उप समाहर्ता नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश सहित बड़ी संख्या में आमजन, समाजसेवी, व्यवसायी एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse