एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। म्यांमार में शुक्रवार को भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किये गये, जिसके कारण मांडले में एक मस्जिद के ढहने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गयी। स्थानीय मीडिया आउटलेट खित थित ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया कि म्यांमार के सागाइंग से 16 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में आये इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.7 आंकी गयी। भूकंप का केंद्र 22.01 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 95.92 डिग्री पूर्वी देशांतर पर सतह से 10.0 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के कारण मांडले पैलेस के किले सहित कुछ इमारतों को काफी नुकसान हुआ। मांडले क्षेत्र में कई संरचनाएं ढह गयीं, जबकि मांडले और यांगून को जोड़ने वाली कई सड़कें क्षतिग्रस्त या अवरुद्ध हो गयीं, जिससे परिवहन बाधित हुआ।
यांगून में शिन्हुआ के संवाददाताओं ने बताया कि राजधानी ने पी ताव और सबसे बड़े शहर यांगून में भूकंप के झटके महसूस किये गये। ने पी ताव में कुछ स्कूल और कार्यालय भवन भी ढह गये। म्यांमार अग्निशमन सेवा विभाग ने बताया कि बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
भूकंप के बाद लाओस की राजधानी वियनतियाने, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक और वियतनाम की राजधानी हनोई में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैटोंगटार्न शिनावात्रा ने भूकंप के बाद बैंकॉक में आपातकाल की घोषणा कर दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse