टीम एबीएन, रांची। झारखंड में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। राज्य में तापमान इतना अधिक है कि मानो आसमान से आग बरस रही हो। गढ़वा जिले में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, भीषण गर्मी के चलते राज्य में 5 लोगों की मौत हो गयी है। गढ़वा के अलग-अलग इलाकों में 2 लोगों की मौत जबकि रांची के बुंडू में एक वृद्ध की मौत हो गयी है।
उधर, जमशेदपुर और आदित्यपुर में भी एक-एक व्यक्ति की जान चली गयी है। वहीं, भीषण गर्मी में झुलसकर 3 हजार चमगादड़ों की भी मौत की खबर सामने आयी है। वन विभाग की टीम ने बीते बुधवार को पत्थलगड्डा पहुंचकर जांच की और मृत चमगादड़ों को जेसीबी से गड्ढा खुदवा कर दफनाया गया।
बता दें कि मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा और चतरा समेत राज्य के कई हिस्सों में अगले 2 दिन हीट वेव का यलो अलर्ट जारी कर दिया है। बीते बुधवार को राज्य में हाल यह रहा कि रांची समेत 18 जिलों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया। गढ़वा सबसे गर्म रहा। यहां पारा 48 डिग्री पर पहुंच गया।
पलामू में भी तापमान 47.7 डिग्री रहा। रांची भी 42.2 डिग्री तापमान के साथ इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। राज्य के कई इलाकों में अगले 2 दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। पलामू, गढ़वा और चतरा में 30 मई के लिए भीषण गर्मी का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही झारखंड के पश्चिमी, दक्षिण और मध्य भागों के 15 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। गढ़वा में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के रांची केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा कि गढ़वा में यह अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse