टीम एबीएन, जमशेदपुर/ रांची। जमशेदपुर बिरसानगर थाना क्षेत्र में पीएम आवास योजना से बन रहे पांच मंजिला भवन से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर काम कर रहा था, तब यह हादसा हुआ। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
हादसे में 35 साल के मजदूर रंजीत गुप्ता की मौत हो गई। वह पलामू जिले के डालटनगंज का निवासी था। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार बिना सेफ्टी इक्यूपमेंट के मजदूरों से काम करवा रहा है, जिसके कारण निर्माणाधीन भवन से गिरने के कारण मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने मामले को छुपाने के लिए घटना में घायल मजदूर को सड़क दुर्घटना में घायल होने की जानकारी दी और उसे टीएमएच में भर्ती करवाया था। वहीं, मामले को दबाने में पुलिस ने भी कोई कसर नहीं छोड़ा। अस्वाभाविक परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर कार्रवाई पूरी कर ली।
रंजीत गुप्ता सेंट्रिंग करने का काम करता था। पिछले 20 दिनों से उसका एक और भाई साथ में ही काम कर रहा था। गुरुवार को काम के दौरान रंजीत गुप्ता ऊंचाई से गिर गया। उसे टीएमएच ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। भवन निर्माण का कार्य केइडब्लू कंस्ट्रक्शन की ओर से कराया जा रहा है।
दूसरी ओर कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटिया पार्क बैंक कालोनी के पास शनिवार की सुबह चलती कार में आग लग गई। अगलगी के दौरान कार में दो लोग सवार थे। आग लगते ही दोनों सुरक्षित बाहर निकल गए। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गयी।
सूचना मिलने पर सिटी पेट्रोलिंग की पुलिस टीम वहां पहुंची और रास्ते से गुजर रहे लोगों को रोका। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गयी।
टायर जलने के कारण धमाका होता रहा। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग का दमकल भी मौके पर पहुंच गया और आग पर काबू पाया। कार किसी शैक्षणिक संस्थान की थी, जो आदित्यपुर से कदमा शास्त्रीनगर की ओर जा रही थी। कार में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse