टीम एबीएन, जमशेदपुर/ रांची। अधिकारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कार्यों, जिम्मेदारियों एवं दायित्वों को निभायें। योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। जनता की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनें और उसका समाधान करें। इसमें जो अधिकारी लापरवाही तथा ढिलाई बरतेंगे, उनके खिलाफ सरकार कठोर कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी जिला स्तर पर समीक्षा हो रही है। बहुत जल्द और आक्रमक तरीके से योजनाओं की जमीनी हकीकत को जानने के लिए आयेंगे। अधिकारी पूरी तरह तैयार रहें।
अब रुकने का वक्त नहीं है, तेज गति से काम करना है : मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य गठन के बाद पिछले 20 वर्षों में हमने सिर्फ खेल खेला है। गोल नहीं कर पाये हैं। इन वर्षों में राज्य में 24 घंटे बिजली -पानी की सुविधा, सिंचाई की समुचित व्यवस्था, रूरल कनेक्टिविटी, सड़कों की बेहतर व्यवस्था हो जानी चाहिए थी। इससे झारखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाया जा सकता था। लेकिन, चिंता की बात है कि हकीकत में हम कहीं नहीं है। अब हमारे पास उतना वक़्त नहीं है। अधिकारियों को तेज गति से कार्य करना होगा।
योजनाओं पर निवेश का डेटाबेस नहीं होना चिंता की बात : मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं पर हर साल बजट का एक बड़ा हिस्सा खर्च करती है। लेकिन, चिंता इस बात की है कि योजनाओं पर लाखों- करोडों रुपये निवेश होने के बाद भी उसका कोई डेटाबेस नहीं है। योजनाओं की क्या हकीकत है, इसकी भी सही से जानकारी नहीं मिल पाती है। ऐसे में हम कैसे आगे बढ़ेंगे। अधिकारी इसे गंभीरता से लें, ताकि योजनाओं पर निवेश का सकारात्मक परिणाम मिल सके।
कोई ऐसी योजना बतायें, जिसे पूरे देश में आदर्श के रूप में स्वीकारा गया हो : मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आप कोई भी ऐसी योजना बतायें, जिसमें हमने बेहतरीन उपलब्धि हासिल की है और जिसे पूरे देश के स्तर पर आदर्श के रूप में स्वीकार किया गया हो तथा किसी भी राज्य ने उसे अपनाया हो। लेकिन, चिंता की बात है कि इस मामले में हम काफी पीछे हैं।इसे हमें समझना होगा। हम अपनी योजनाओं को इतना सफल बनायें कि एक मिसाल के रूप में पूरे देश के सामने रख सकें।
विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं, आउटपुट मिलना चाहिए : मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य के लिए सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। लेकिन योजनाओं पर जो निवेश कर रहे हैं, उसका आउटपुट नहीं मिल रहा है। इसकी वजह व्यवस्था में खामी है। तमाम अधिकारी योजनाबद्ध तरीके और ठोस निर्णय के साथ विकास से जुड़ी योजनाओं को लागू करें।
योजनाएं लटकायेंगे तो बाद में और परेशानियां बढ़ेंगी : मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश किया कि किसी भी योजना को लेकर कन्फ्यूजन नहीं हो। भ्रम की वजह से योजनाएं बंद बस्ते में नहीं डाली जानी चाहिए। उसका समाधान निकालें, क्योंकि योजनाओं को लंबित रखने से भविष्य में और परेशानियां बढ़ेगी।
जितने गांव-पंचायत हैं, उससे कई गुना ज्यादा हैं अधिकारी-कर्मचारी : मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों जिलों में जितने गांव-पंचायत हैं, उससे कई गुना ज्यादा अधिकारी- कर्मचारी हैं। इसके बाद भी जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाना थोड़ी चिंता की बात है। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं हैं। अधिकारी सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं का लाभ लोगों को देने में पूरी जिम्मेदारी निभायें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्कूली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना और किसानों को मुख्यमंत्री सूखा राहत योजना का लाभ देने की दिशा में तेज गति से कार्य करें।
जनप्रतिनिधियों ने जन समस्याओं से कराया अवगत : इस दौरान कई जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं- सड़क जाम, अतिक्रमण, बिजली, पानी, सड़क से संबंधित मुद्दों से मुख्यमंत्री एवं उच्च पदाधिकारियों को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने इसे लेकर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में मंत्री श्री चम्पाई सोरेन, श्री सत्यानंद भोक्ता और श्री बन्ना गुप्ता, विधायक जमशेदपुर श्री सरयू राय, विधायक घाटशिला श्री राम दास सोरेन, विधायक, ईचागढ़ श्रीमती सविता महतो, विधायक पोटका श्री संजीव सरदार, विधायक जुगसलाई श्री मंगल कालिंदी, खरसावां विधायक श्री दशरथ गगराई, मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, डीजीपी श्री नीरज सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, सचिव श्री अबू बकर सिद्दीकी, सचिव श्री अमिताभ कौशल, सचिव श्री कृपानंद झा, आईजी श्री अमोल होमकर, डीआईजी कोल्हान अजय लिंडा, सरायकेला खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं दोनों जिलों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse