टीम एबीएन, देवघर/ रांची। शिवगंगा तालाब में रविवार को स्नान करने पहुंचे एक युवक डूब गया। अधिक गहराई होने के कारण युवक का शव नहीं मिल सका है। वहीं एक अन्य युवक को लोगों ने डूबने से बचा लिया।
जानकारी के अनुसार बिहार के लखीसराय जिले के अभयगंज थाना क्षेत्र के भिंडीबाजार के कसबा टोला निवासी जयशंकर कुमार और गौरव कुमार देवघर भुरभुरा मोड़ के पास रहने वाले अपने एक दोस्त के यहां आये थे। अपने दोस्त के साथ तीनों शिवगंगा तालाब में स्नान करने गये थे। वहां तीनों ने पानी में छलांग लगा दी लेकिन कुछ दूर जाने के बाद एक दोस्त का सांस फूलने लगा। वह वापस किनारे पर किसी तरह लौट आया।
जयशंकर और गौरव पानी में आगे बढ़ गये लेकिन आधा रास्ता जाने के कारण दोनों को लगा वे डूब जायेंगे। जयशंकर ने हड़बड़ा कर पानी में मौजूद एक पोल को पकड़ लिया। हालांकि, गौरव डूब गया। जयशंकर पोल को पकड़ कर मदद के लिए चिल्लाने लगा। पहले किनारे खड़े लोगों को लगा कि वह मजाक कर रहा है लेकिन बाद में लोगों को समझ में आया कि युवक मुसीबत में है।
उसके बाद लोगों ने पानी में रस्सी के सहारे टायर फेंका, जिसे पकड़कर जयशंकर किसी तरह किनारे पर आया। वहीं पानी में डूबे गौरव का पता नहीं चल पाया। उसके बाद लोगों ने इसकी सूचना बाबा मंदिर थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने इसकी सूचना एनडीआरएफ को दे दी।
एनडीआरएफ की टीम सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। दो गोताखोर और टीम के अन्य सदस्य लापता गौरव का पता लगाने का प्रयास में जुट गये। लोगों ने बताया कि जिस जगह पर गौरव के डूबने की बात आयी है वहां गहराई अधिक होने के कारण उसका पता लगाना आसान नहीं होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse